दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 नवंबर। विगत चार दिवसों से चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन चित्रकूट से पधारे भारत जी महाराज ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए भगवान के विराट स्वरूप का वर्णन किया।
संसार के कण-कण में भगवान समाए हैं। बस उनको देखने की दृष्टि चाहिए यह दृष्टि भगवान के प्रति प्रेम से ही मिलती है। बृजवासियों के प्रेम का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा की वह काम तो सब करते थे लेकिन उनके मन का ध्यान भगवान में लगातार बना रहता था।
इसी का नाम सुरति है। गौ सेवा के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा यह जो भी आपदाएं आ रही हैं यह सब केवल गो हत्या का परिणाम है ,और यह आती ही रहेगी। जब तक गो हत्या बंद नहीं होगी सनातन धर्म का आधार ही गाय ही है।
गोवर्धन पूजा के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा की मनुष्य तब तक सुरक्षित नहीं रह सकता जब तक प्रकृति की रक्षा नहीं करेगा। भगवान ने स्वयं प्रकृति की सुरक्षा का विधान बताया है अपनी लीलाओं के द्वारा। छप्पन भोग की कथा को उन्होंने मनुष्य के जीवन का उत्सव बताया मनुष्य को खुशहाल रहना चाहिए त्योहारों को मनाना चाहिए यही हमारे भारतवर्ष की संस्कृति है।
गोपियों की चीर हरण की लीला को उन्होंने जीव और ब्रह्म के अंतराल को समाप्त करने की लीला बताया।
जब तक आत्मा परमात्मा के बीच का पट अर्थात पर्दा नहीं समाप्त होगा तब तक कभी भी उनका मिलन नहीं हो सकता।
इस कथा के माध्यम से उन्होंने कार्तिक मास का महत्व बताते हुए कहा यह बहुत ही पावन मास है और यह शीत ऋतु के आगमन का संकेत है इसके आने से व्यक्ति के रोग दोष दूर होते हैं और व्यक्ति स्वस्थ और पुष्ट बनता है।
भुवाल परिवार के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे दुर्ग और भिलाई से बहुत श्रोतागण पधार रहे हैं और कथा का आनंद ले रहे हैं।
कथा के अंत में भुवाल परिवार ने आरती करते हुए प्रसाद वितरण कर समस्त श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।