दुर्ग

हेमचंद विवि में सेमेस्टर परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा 5 दिसंबर से
22-Nov-2023 4:04 PM
हेमचंद विवि में सेमेस्टर परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा 5 दिसंबर से

दुर्ग, 22 नवंबर। हेमचंद यादवविवि, दुर्ग द्वारा दिसंबर में आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा 05 दिसंबर से आयोजित होगी तथा थ्योरी परीक्षा 28 दिसंबर से आरंभ होना प्रस्तावित है।  इस संबंध में विवि में आज कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा की अध्यक्षता में कुलसचिव एवं परीक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने संयुक्त रूप से बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं की सभी प्रायोगिक परीक्षाएं महाविद्यालयों द्वारा 05 दिसंबर से 12 दिसंबर के मध्य आयोजित किये जाने के निर्देश महाविद्यालयों को प्रसारित किये जा रहे है। इस संबंध में विवि शीघ्र अधिसूचना जारी करेगा। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में थ्योरी सेमेस्टर परीक्षाओं का आरंभ 28 दिसंबर से किये जाने पर भी सहमति बनी इन परीक्षाओं में सर्वप्रथम एमए, तथा एमएससी, एमएड, डीसीए, पीजीडीसीए, पीजी डिप्लोमा इन योगा के प्रश्नपत्रों से शुरूआत होगी तथा इसके पश्चात् एमकॉम, बीबीए तथा एलएलबी के प्रश्नपत्र आयोजित होंगे।  डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार अन्य विविों की तरह इस वर्ष सेमेस्टर विद्यार्थियों के महाविद्यालयों में इंटरचेंज किये जाने की योजना है। इसके अंतर्गत एक महाविद्यालय के परीक्षार्थी समीपवर्ती दूसरे महाविद्यालय में परीक्षा में बैठेंगे। आवश्यक होने पर परीक्षा केन्द्रों में विवि अपने पर्यवेक्षक भी भेजेगा।

सेमेस्टर परीक्षाओं में चुंकि बीएड प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया जारी है अत: इसकी सेमेस्टर परीक्षा सभी सेमेस्टर परीक्षाओं की समाप्ति के पश्चात आयोजित की जाएगी।


अन्य पोस्ट