दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 नवंबर। निर्वाचन कार्य के चलते में जिले में मनरेगा का कार्य भी प्रभावित है अधिकांश ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्य ठप है जिले के मात्र 16 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत छिटपुट कार्य चल रहे है मनरेगा के तहत चल रहे इन कार्यों में मात्र 150 मजदूरों को रोजगार मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार पंचायत विभाग के अमले भी मतदान दिवस 17 नवम्बर तक विधान सभा चुनाव के विभिन्न कार्यों में व्यस्त थे, इसकी वजह से मस्टर रोल जनरेट नहीं हो पा रहा था, जिन ग्राम पंचायतों कार्य चल रहे हैं वहां कुल 34 मस्टर रोल जनरेट किए गए है इनमें जारी 27 मस्टर रोल पर कार्य चल रहे हैं। इसमें 19 पाटन,2 दुर्ग एवं 6 मस्टर रोल धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायत से है।
यहां यह बताना लाजिमी है कि जिले में कुल 304 ग्राम पंचायत है।
धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र के 119 ग्राम पंचायतो में से 5 ग्राम पंचायत में काम चल रहे हैं। इनमें 56 मजदूरों को ही रोजगार मिल पा रहा है। इसी प्रकार पाटन जनपद पंचायत क्षेत्र के 112 में से 10 ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों में 66 मजदूरों को रोजगार मुहैया हो पा रहा है, जबकि दुर्ग के 73 में से 1 ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत कार्य चल रहा है इसमें 28 मजदूरों को रोजगार मिल रहा है।
जिले ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मुहैया कराने बड़ी संख्या में अमृत सरोवर जोर्णोद्वार, कच्ची नाली , तटबंध निर्माण, तालाब गहरीकरण, नाला पुनरोद्वार, निजी डबरी निर्माण, निजी भूमि सुधार, सार्वजनिक डबरी निर्माण, सडक़ निर्माण , वृक्षारोपण सहित विभिन्न प्रकार के रोजगार मूलक सैकड़ों काम मंजूर किए गए हैं, मगर अभी ये कार्य बंद है।