दुर्ग
पड़ोसियों के इकट्ठे होने पर भाग निकला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 नवंबर। नशेड़ी दामाद द्वारा मारपीट बाद बेटी और उसके बच्चे को अपने घर वापस लेकर आई मां का उसके दामाद ने जीना दुश्वार कर दिया है। दामाद अक्सर घर आ कर विवाद करता रहा है। कल शाम फिर दामाद नशे की हालत में तालपुरी पहुंचा और जमकर उत्पात मचाया। सास को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर शराबा सुन जब पड़ोसी एकत्रित हो विरोध करने लगे तो आरोपी दामाद वहां से भाग निकला।
घटना दुर्ग जिले के तालपुरी क्षेत्र की है। भिलाई नगर थाना एएसआई एम एल यादव ने बताया कि पीडि़त महिला ने अपनी बेटी की शादी डेढ़ साल पहले बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा से की थी। उनका एक वर्ष का बच्चा भी है। दामाद रजत नशेड़ी प्रवृत्ति का है तथा शादी के बाद से पत्नी के साथ कई बार मारपीट कर चुका था जिसकी थाना में पूर्व में भी रिपोर्ट दर्ज है।
महिला का आरोप है कि परिवार के सदस्य जब घर में नहीं रहते, तभी रजत उनके घर आकर गाली गलौज कर विवाद करता रहा है। कल शाम लगभग साढ़े 4 बजे रजत कुशवाहा फिर तालपुरी आ धमका और जोर जोर से दरवाजा पीटने लगा। महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला रजत ने बलपूर्वक धक्का देते हुये उससे मारपीट करने लगा।
जान से मारने की धमकी देकर लोहे जैसे किसी ठोस चीज से उसने सास के सिर में चोट पहुंचाया। उसे धक्का देकर महिला जब अपना बचाव करने लगी तो रजत ने गाली गलौज करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। तभी दूसरे कमरे से बेटी और पड़ोसी आए तो उन्हें देख कर रजत भाग गया। घटना के बारे मे महिला ने बेटे एवं पति को फोन से जानकारी दी तथा थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
भिलाई नगर पुलिस ने रजत कुशवाहा के खिलाफ धारा 294, 323, 452, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।