दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 नवंबर। दुर्गा की प्रतिमा लेने के बाद घर लौट रहे प्रार्थी की मोटरसाइकिल को ठोकर मारने वाले कार चालक के खिलाफ अंजोरा चौकी पुलिस ने धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 26 संतरा बाड़ी निवासी मोहित वाल्दे 14 अक्टूबर को अपने मोहल्ले वालों के साथ दुर्गा की प्रतिमा लेने ग्राम थनौद आया हुआ था। प्रतिमा लेकर वह मोहल्ले में रहने वाले मिथिलेश देवांगन एवं लकी बोयर के साथ चाय पीने देशमुख होटल में रुका था। चाय पीने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर आने के लिए निकला।
पुलिस चौकी अंजोरा के सामने रात लगभग 12.30 बजे विपरीत दिशा से दुर्ग की ओर आ रही एक अज्ञात कार चालक ने मोटरसाइकिल को जमकर ठोकर मार दी। इससे प्रार्थी अपनी मोटरसाइकिल से गिर गया और उसे हाथ, पैर में चोटे आई। 112 वाहन की मदद से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उचित उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल भिलाई में ले जाकर भर्ती किया गया। इलाज के बाद प्रार्थी ने चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।