दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के वाणिज्य संकाय और प्रबंधन संकाय के तत्वावधान में एडी-मैड-शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विपणन रणनीतियों को बढ़ाने, उनका पता लगाना और काल्पनिक ब्रांड के प्रचार में कौशल का निर्माण करना था। इसमें प्रबंधन संकाय और वाणिज्य संकाय के बीबीए, एमबीए, बी. कॉम और एम. कॉम के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीके से अपने-अपने विज्ञापन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में निर्णायक मण्डल में डॉ. प्रतिभा कुरुप और डॉ. निधि वर्मा शामिल थीं। निर्णायकों ने कार्यक्रम का मूल्यांकन किया और सर्वश्रेष्ठ तीन टीमों को पुरस्कृत किया। प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम में 5 छात्र थे - स्वयं सिद्धाचार्य, अर्पित शुक्ला, ऋषिका चैधरी और आशिका साहू जिन्होंने रचनात्मक रूप से एक गेमिंग ऐप का विज्ञापन किया। दूसरा स्थान हासिल करने वाली टीम में 4 सदस्य थे - भाविका साहू, श्वेता साहू, सचिदानंद दास महंत और बृज किशोर द्विवेदी, जिन्होंने चिंटू चिप्स की मार्केटिंग की। तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीम में 3 सदस्य थे - केशरी क्षत्रिय, सिमरन परवीन और फैजान। विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.नम्रता गेन ने छात्रों के प्रयासों और सक्रिय भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन माधुरी साहू एवं कुमारी सीबी कुशवाह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।