दुर्ग

हेमचंद विवि में 10 दिन में 18 हजार उत्तरपुस्तिका मूल्यांकित
09-Nov-2023 2:38 PM
हेमचंद विवि में 10 दिन में 18 हजार उत्तरपुस्तिका मूल्यांकित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग में पूरक परीक्षा 2023 के केन्द्रीय मूल्यांकन आरंभ होने के 10 दिवस के अंदर लगभग 18 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकित हो चुकी है, तथा शेष उत्तरपुस्तिकाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन तीव्र गति से जारी है। 

यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, एवं उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने संयुक्त रूप से बताया कि विवि की पूरक परीक्षाएं 05 नवंबर से 19 नवंबर तक विधानसभा चुनाव एवं दीपावली अवकाष के कारण स्थगित रखी गई है। 05 नवंबर के पूर्व आयोजित पूरक परीक्षाओं की लगभग 32 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन हेतु विवि पहुंच चुकी है तथा शेष उत्तरपुस्तिकाओं का विवि में प्राप्त होने का क्रम जारी है।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 मूल्यांकनकर्ता प्राध्यापक उत्तरपुस्तिकाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन कर रहे है तथा विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप प्रतिदिन केन्द्रीय मूल्यांकन का निरीक्षण कर रहे है। परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि पूरक परीक्षा केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य आरंभ होने के 10 दिवस के अंदर पूरक परीक्षा 2023 के दो परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये। कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने विवि के परीक्षा विभाग को यह निर्देशित किया है कि केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य में तेजी लाते हुए छात्रहित में शीघ्र से शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित करने के प्रयास किये जाये। विवि ने एमफिल क्लिीनिकल साइकोलॉजी भाग प्रथम के परीक्षा परिणाम घोषित किये इसका परीक्षा परिणाम 75 प्रतिशत रहा।

द्वितीय परीक्षा परिणाम में बीए बीएड भाग 02 में शत-प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।      
 


अन्य पोस्ट