दुर्ग

बिना अनुमति के लगे राजनीतिक झण्डे-बैनर जब्त कर रही निगम टीम
31-Oct-2023 9:10 PM
बिना अनुमति के लगे राजनीतिक झण्डे-बैनर जब्त कर रही निगम टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 31 अक्टूबर। बगैर अनुमति लिए सडक़ किनारे लगाए गए पंडाल, भवन तथा बिजली के खंभों पर लगे झण्डे को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत हटाने की कार्रवाई निगम टीम कर रही है। सम्पूर्ण क्षेत्र में निगरानी करते हुए आदर्श आचार संहिता के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने सतत मानीटरिंग की जा रही है।

ज्ञात हो कि निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विधानसभा निर्वाचन के लिए प्रभावशील आदर्श आचार संहिता का निगम क्षेत्र में कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें। निगम के सभी जोन आयुक्त, जोन सहायक राजस्व अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी की टीम प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग विजिट कर रहे हैं।

जोन की टीम सुबह से जोन क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान केन्द्र, बेनर, पोस्टर, दीवार लेखन, एलईडी स्क्रीन, झण्डे की जॉच कर बिना अनुमति के लगे राजनीतिक प्रचार सामग्री को जब्ती बना रही है। 

आज सुबह कोहका में सडक़ के किनारे राजनैतिक दल के लोगों ने बिना अनुमति पंडाल लगाकर पार्टी का झण्डा लगा लिया था, जिसे निगम के निगरानी दल ने मौके पर पंडाल लगाने की अनुमति पत्र नहीं दिखाए जाने पर तत्काल प्रभाव से हटाया। खुर्सीपार वार्ड 48 के तिरंगा नगर में निर्माणाधीन शासकीय भवन में तथा बिजली खंभे पर लगाये गये राजनैतिक झण्डे, बैनर पोस्टर को हटाया गया।

वार्ड 48 छावनी के मुख्य मार्ग पर बिना अनुमति तथा वार्ड 49 में पेड़ पौधों पर बांधे गये झण्डे को निगम की टीम ने जब्त किया है। निगम प्रशासन ने कहा कि निगम क्षेत्र में कोई भी प्रचार-प्रसार विज्ञापन होर्डिग लगाने से पूर्व विधिवत निगम  से अनापत्ति प्राप्त कर चुनाव कार्यालय से अनुमति लिया जाना आवश्यक है। बिना अनुमति के प्रसार सामग्री लगाए जाने पर निगम द्वारा जब्त की जाएगी।


अन्य पोस्ट