दुर्ग
23 साल से चाचा-भतीजा सेटिंग कर राज करते रहे, इस बार पाटन में होगा असल चुनाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 अक्टूबर। मेरा और मेरी आने वाली पीढिय़ों का डीएनए कभी एनडीए से मैच नहीं करेगा, अमित जोगी बुरे से बुरा कांग्रेस शासनकाल सहन कर सकता है बनिस्बत एक अच्छी भाजपा सरकार के। आज पाटन विधानसभा से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद अमित जोगी ने यह बात कही है।
उन्होंने कहा कि मेरी लड़ाई सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस या भाजपा से नहीं है, मेरी सीधी लड़ाई गरीबी से है। उन्होंने कहा कि चाचा और भतीजा पिछले 23 साल से अपनी अपनी सेटिंग जमा कर पाटन पर राज करते रहे हैं। इस बार अमित जोगी के प्रत्याशी बनने के बाद पाटन में असल चुनाव होगा। यह चुनाव में भूपेश नहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहा हूं।
यह चुनाव एक बेहद ताकतवर दाऊ परिवार बनाम पाटन के अनुसूचित जाति, जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकार का चुनाव है। मैं तो केवल चेहरा हूं, प्रत्याशी तो पाटनवासी हैं। प्रत्याशी तो पीएससी घोटाला का पीडि़त है, आवास पीडि़त हैं, भ्रष्टाचार पीडि़त हैं, शराबबंदी पीडि़त हैं। मेरे पास सुरक्षित अन्य विधानसभा सीटें भी थीं, मैं दो विधानसभा से भी लड़ सकता था लेकिन मैं पाटनवासियों की मांग पर यहां से लडऩे का फैसला किया है।
अमित जोगी ने कहा कि मेरे प्रत्याशी के रूप में आने के बाद पहली बार पाटन में चुनाव होगा, इससे पहले एक ही दाऊ परिवार के चाचा भतीजा की सेटिंग चलती रही, चुनाव तो अब होगा। छत्तीसगढ़ में अब तक जो भी सत्ता में आया, वो गजनी फिल्म के किरदार की तरह विकास को भूल जाता है।