दुर्ग

दुर्ग कांग्रेस का गढ़ है, किला भेदना भाजपा के लिए असंभव-भूपेश
30-Oct-2023 4:50 PM
दुर्ग कांग्रेस का गढ़ है, किला भेदना भाजपा के लिए असंभव-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 30 अक्टूबर। सोमवार को दुर्ग कलेक्टोरेट में पाटन से विधानसभा चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नामांकन बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि दुर्ग शुरू से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है और दुर्ग के किले को भेदना आसान नहीं है। पिछले के पिछले बार भाजपा वाले गलती से यहां आ गये थे, लेकिन सन 1977 से दुर्ग कांग्रेस का ही गढ़ रहा है। आज मेरे साथ विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, बड़े भाई ताम्रध्वज साहू, अरूण वोरा सभी मौजूद हैं। दुर्ग में कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू, निर्मल कोसरे, अरूण वोरा, मुकेश चंद्राकर, देवेंद्र यादव और मैंने स्वयं नामांकन दाखिल किया है।

श्री बघेल ने कहा कि आज वासुदेव चंद्राकर जी की पुण्यतिथि है और हम लोग उन्हीं की उंगली पकड़ कर राजनीति सीखें हैं। नामांकन पूर्व उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद हम सभी ने नामांकन दाखिल किया है। हिमाचल में जिस तरह कांग्रेस ने भाजपा को धूल चटाया है, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी होगा। भाजपा के पास छत्तीसगढ़ की जनता से करने के लिए एक भी वायदा नहीं है, क्योंकि जनता जानती है कि भाजपा का वायदा कभी पूरा नहीं होता। एक भी गारंटी देने के लिए भाजपा के पास नहीं है, जनता को सिर्फ कांग्रेस पर भरोसा है। जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार पर है और सरकार के मुखिया भूपेश बघेल पर है।


अन्य पोस्ट