दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आने के बाद दुर्ग जिले की चारों बची हुई विधानसभाओं के नाम की घोषणा हो गई है। इसमें दो पुराने व दो नए चेहरों को मौका दिया गया है।
नाम की घोषणा होते ही भिलाई नगर के युवा विधायक देवेन्द्र यादव ने पुन: भिलाई नगर विधानसभा, भिलाई चरोदा पालिकाध्यक्ष निर्मल कोसरे पहली बार अहिवारा विधानसभा के लिए, भिलाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर पहली बार वैशाली नगर विधानसभा के लिए और दुर्ग शहर सीट के लिए विधायक अरूण वोरा ने एक फिर दुर्ग शहर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपनी विजय की कामना करते हुए सबसे पहले मंदिर में माथा टेकने पहुंचे।
भिलाई नगर विधानसभा से कांग्रेस ने वर्तमान विधायक देवेंद्र यादव को दूसरी बार मौका दिया है। प्रत्याशी के नाम की घोषणा होते ही देवेंद्र यादव सबसे पहले अपनी मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सेक्टर 9 स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान से आशीर्वाद लिया। देवेंद्र का सीधा मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय से है।
कांग्रेस से भिलाई के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर को वैशाली नगर से चुनावी मैदान में उतारा गया है। ज्ञात हो कि वैशाली नगर भाजपा का गढ़ है।
मुकेश का सीधा मुकाबला भाजपा के रिकेश सेन से है।
भिलाई तीन चरौदा के महापौर और दुर्ग ग्रामीण के जिलाध्यक्ष निर्मल कोसरे टिकट फाइनल होते ही सीएम हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल को दंडवत प्रणाम किया।
निर्मल ने कहा कि भूपेश बघेल उनके राजनीतिक गुरू हैं और मुक्तेश्वरी बघेल उनकी गुरु मां। उनका आशीर्वाद लेकर ही वो मेयर की सीढ़ी चढ़े हैं और आगे विधानसभा में भी जीत दर्ज करेंगे। निर्मल का सीधा मुकाबला भाजपा के पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा से है।
दुर्ग से लगातार दो बार के विधायक अरुण वोरा को तीसरी बार दुर्ग शहर से कांग्रेस का टिकट मिला है। अरूण ने भगवान और अपने पिता स्व. मोतीलाल वोरा का आशीर्वाद लेकर अभियान शुरू किया है। उनका मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी गजेंद्र यादव है। गजेंद्र जहां पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं अरुण वोरा 7वीं बार चुनावी मैदान में उतरे हैं।