दुर्ग

लोकरंग अर्जुदा के संस्थापक दीपक चंद्राकर का निधन
20-Oct-2023 2:08 PM
लोकरंग अर्जुदा के संस्थापक दीपक चंद्राकर का निधन

आज गृहग्राम में अंतिम संस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अक्टूबर।
छग के सुप्रसिद्ध रंगकर्मी बालोद जिले के ग्राम अर्जुन्दा निवासी लोकरंग अर्जुन्दा के संस्थापक व संचालक दीपक चन्द्राकर (69 वर्ष) का गुरुवार को रायपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके गृह ग्राम अर्जुन्दा के मुक्तिधाम किया गया। उनके निधन की समाचार मिलते ही छत्तीसगढ़ कला बिरादरी में शोक की लहर है।

ज्ञात हो कि पिछले तीन दशक से छत्तीसगढ़ की लोककला को संजोने वाले दीपक चंद्राकर ने अनेक ग्रामीण प्रतिभाओं को तराश कर न केवल उन्हें मंच के काबिल बनाया, बल्कि लोककला ग्राम से प्रशिक्षित 700 से भी अधिक कलाकार आज विभिन्न कला संस्थाओं में नृत्य, प्रहसन, गायन, वादन में प्रस्तुति दे रहे हैं, और तो और इनके कई छालीवुड में भी छाए हैं। लोक कला के जरिए सांस्कृतिक विरासत, उसकी पहचान और उसके अस्तित्व को संजोए रखने वाले लोकरंग अर्जुन्दा के संचालक दीपक चंद्राकर के निधन से लोक कला बिरादरी इसलिए भी व्यथित हैं कि वो न सिर्फ नए कलाकारों को तलाशते-तराशते रहे हैं, बल्कि उन्हें मंचीय प्रस्तुति और जीविकोपार्जन का अवसर भी उपलब्ध करवाते रहे। 

गौरतलब हो कि दीपक का मानना था कि लोककला की सुंदरता के प्रति आकर्षण और सृजनात्मक प्रेरणा का स्त्रोत ग्रामीण कलाकारों की कला में ही देखने को मिलता है लेकिन गरीबी और जीविकोपार्जन का संघर्ष उन्हें अपने भीतर की कला को मारने पर विवश कर देता है। 

ज्ञात हो कि दीपक ऐसे ही कलाकारों के लिए उम्मीदों का दीपक थे। ग्रामीण प्रतिभाओं की कला को निखारने उन्होंने 2 अक्टूबर 1993 को अपने ग्राम अर्जुन्दा में करीब पौने दो एकड़ में लोककला ग्राम की स्थापना की और तब से अनवरत यहां साल में दो-तीन बार पखवाड़े भर की कार्यशालाएं होती रही हैं। यहां नए कलाकारों को लोककला की सभी विधाओं की बारीकियां सिखाई जाती रहीं। यह प्रशिक्षण नि:शुल्क और अवासीय होता था।  

दीपक का मानना था कि रीति-रिवाज, संस्कार, पर्व, परंपराएं, उत्सव आदि हमारी संस्कृति के अंग हैं। इन्हीं में लोक-कला का स्वरूप पुष्पित और पल्लवित होता है और कलाकार जिस अनुभव को इस समाज से ग्रहण करता है, उसे अपनी कला से पुन: समाज के सामने प्रस्तुत करना चाहता है। छत्तीसगढ़ की लोककला और कलाकार समृद्ध रहें, अभिव्यक्ति के नाम पर सांस्कृतिक प्रदूषण का उन पर कभी साया न पड़े, यही सोच दीपक की हमेशा रही।

सपन भट्टाचार्य जैसे गायक, पुरानिक साहू और सतीश साहू जैसे नृत्य निदेशक दीपक की इसी लोककला ग्राम की देन हैं। पप्पू चंद्राकर, घेवर यादव, चिमन साहू, शैलेष साहू, दिनेश वर्मा, लेखू दिल्लीवार, संजय वर्मा, विजय पाटिल, रानी निषाद और भूमिका जैसे कई नामचीन कलाकार यहां से निकलकर लोककला को और समृद्ध कर रहे हैं। लोकरंग के ही लोकेश देवांगन, ओमप्रकाश मढ़रिया, अंजली चौहान, किरण साहू, सुमन गोस्वामी, संतोष दास ने तो छत्तीसगढ़ी फिल्मों में भी अहम किरदार निभाए हैं।

 


अन्य पोस्ट