दुर्ग
एक के सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 अक्टूबर। वैशाली नगर थाना अंतर्गत गौरव पथ रामुलू चौक पर बीती शाम पैदल मंदिर जा रही महिलाओं को स्कूटर चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ठोकर मार दी। पीछे से अचानक ठोकर लगने से एक महिला सडक़ पर गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य दो महिलाओं की चोटें मामूली हैं। घायल एक महिला को बीएम शाह अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती कराया गया है।
वैशाली नगर थाना के एएसआई केएस चौहान ने बताया कि वृंदा नगर कैम्प-1 निवासी ओम प्रकाश पटेल (47 वर्ष) ने पुलिस को जानकारी दी कि उनकी पत्नी चित्रा देवी मोहल्ले की महिलाओं के साथ विगत शाम लगभग साढ़े 6 बजे मंदिर जा रही थी, तभी गौरव पथ रोड भवानी टे्रडर्स के सामने रामुलू चौक की तरफ से एक्टीवा क्रमांक सीजी 07 सीएन 9158 का चालक अपने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आकर ठोकर मार दी।
चित्रा के सिर में गंभीर चोट आने से उपचार के लिए बीएम शाह हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में रेणु चौहान और रजनी महाराना को भी मामूली चोट आई है। आस पास मौजूद लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
इस मामले की रिपोर्ट पर कल रात पुलिस ने फरार स्कूटर चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।