दुर्ग
मामला स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय दुर्ग का
कलेक्टर व डीईओ दुर्ग ने शिकायत पर लिया संज्ञान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अक्टूबर। शिक्षिका के साथ व्याख्याता द्वारा छेड़छाड़ से आक्रोशित स्कूल का स्टाफ आरोपी व्याख्याता के विरुद्ध लामबंद हो गया है। सोमवार को महिला शिक्षिकाओं सहित स्टाफ ने प्राचार्य से दो टूक कह दिया कि वे आरोपी व्याख्याता को स्कूल से हटाए वरना वे काम नहीं कर सकेंगे। इस बीच शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दुर्ग व डीईओ दुर्ग ने मामले में संज्ञान लिया है।
ज्ञात हो कि 12 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (जेआरडी) दुर्ग की एक शिक्षिका के साथ यहां के व्याख्याता ने सरेआम स्टाफ रूम में छेड़छाड़ किया था। इस मामले में प्राचार्या के रवैए और आरोपी व्याख्याता की हरकत से आक्रोशित स्टाफ ने आज प्राचार्या से मिलकर पूछा कि वह इस प्रकरण पर क्या कदम उठा रही हैं। स्टाफ ने प्राचार्या से कहा कि वे आरोपी व्याख्याता को तत्काल स्कूल से हटाए वरना वह काम नहीं कर पाएंगे। प्राचार्या ने कहा कि व्याख्याता को हटाने का अधिकार डीईओ दुर्ग के पास है।
कलेक्टर ने एक और कमेटी बनाने की बात कही
स्कूल स्टाफ ने इस गंभीर मामले की शिकायत कलेक्टर दुर्ग पुष्पेंद्र मीणा से मिलकर की। स्टाफ ने उनसे कहा कि वे ऐसे असुरक्षा के माहौल में काम करने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने आरोपी व्याख्याता को तत्काल स्कूल से हटाने की मांग की। कलेक्टर दुर्ग ने आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच के लिए वे डीईओ दुर्ग और डिप्टी कलेक्टर को एक अलग कमेटी बनवाएंगे। उनकी रिपोर्ट पर जरूर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने विशाखा कमेटी से जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
डीईओ ने दो दिन में मांगी रिपोर्ट
जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग अभय जायसवाल ने प्राचार्य संगीता नायर को निर्देशित करते हुए आज एक पत्र भेजा है। उन्होंने छेड़छाड़ की शिकायत पर विशाखा कमेटी से जांच कराकर रिपोर्ट प्राचार्य को दो दिन में प्रस्तुत करने कहा है। उन्होंने हिदायत भी दी है कि ध्यान रहे यह एक गंभीर मामला है। इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल विशाखा कमेटी को जांच हेतु सौंपे ,विलंब की स्थिति में आप स्वयं उत्तरदायी होंगी।