दुर्ग
डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दे मारपीट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 अक्टूबर। ड्यूटी पर देरी से आने पर जब मेडिकल कॉलेज के लैब इंचार्ज ने प्यून को डांट लगाई तो यह बात उसे काफी नागवार गुजरी और वह लैब इंचार्ज को सबक सिखाने की जुगत में था और जब एक दिन मेडिकल कॉलेज के लैब इंचार्ज चाय दुकान में मिले तो प्यून और उसके साथी ने उनकी पिटाई कर दी। मामला शहर के श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज का है। मारपीट से लैब इंचार्ज डॉक्टर के हाथ पैर में चोट आई है। सुपेला पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट पर प्यून और उसके साथी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
श्री शंकराचार्य अस्पताल के 7सी ब्लॉक कैम्पस निवासी डॉ. प्रशांत चंदनखेड़े (46 वर्ष) शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं तथा बायो केमेस्ट्री लेब के भी इंचार्ज हैं। उन्होंने सुपेला पुलिस को बताया कि आफिस में प्रवीण पांडेय नामक प्यून अक्सर देरी से ऑफिस आता है, जिसे उन्होंने डांट लगाई थी।
शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे डॉ. प्रशांत कालेज के सामने महालक्ष्मी जलपान में चाय पीने गए था तो वहां प्रवीण पांडेय और उसका साथी उन्हें देखकर आफिस में बड़ा होशियार बनता है, कहते हुए गाली गलौज करने लगे। जब डॉ. प्रशांत ने गाली देने से मना किया तो दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्का लात से मारपीट की। डॉ. प्रशांत के दोनों पैर, घुटने एवं हाथ की कोहनी में चोट आई है।
मारपीट के दौरान बृजलाल यादव, राजेन्द्र दुबे ने बीच बचाव किया। घटना के बाद घायल डॉ. प्रशांत के पिता के घुटने का आपरेशन होने से की वजह से उन्हें शहर से बाहर जाना पड़ा था। कल लौटने पर उन्होंने सुपेला थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
सुपेला पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट पर प्यून प्रवीण पाण्डेय और उसके साथी के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।