दुर्ग
बगल कमरे में डर से छिपी रही नर्स, जांच में जुटी पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 अक्टूबर। सेक्टर-9 हास्पिटल में नर्स के घर में दिनदहाड़े दो चोर घुसे। चोरों के खटपट से सो रही नर्स की नींद खुली और वह दूसरे कमरे में डर की वजह से छिपी रही। घर में अकेली होने की वजह से उसने फोन पर परिजनों को जानकारी दी, लेकिन जब तक लोग पहुंच पाते, चोर जेवर लेकर निकल भागे।
दो चोर दिनदहाड़े घर में घुसे और सोने का नेकलेस, दो जोड़ी सोने की लटकन, दो जोड़ी चांदी का बिछिया लेकर भाग निकले हैं। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
एएसआई सुभाष कुमार ने बताया कि पं. जवाहर लाल नेहरू अस्पताल सेक्टर-9 हास्पिटल में अटेंडेंट नर्स अपने निवास विनोबा नगर चरोदा में रविवार अवकाश होने से घर में अकेली थी। उसके पति ऋषभ पाल, ससुर चंद्रभान पाल, सास शकुंतला पाल तीनों अपने अपने काम पर चले गये थे। कल दोपहर हाल में टीवी देखते देखते नर्स सो गई। करीब दोपहर डेढ़ बजे कमरे से खटपट की आवाज आयी तो नींद खुली और नर्स कमरे के बाहर से झांककर देखी दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में रखे आलमारी के लॉकर को खोलकर चोरी कर रहे हैं। नर्स ने डर कर बगल वाले कमरे में घुस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घटना की जानकारी अपनी सास को मोबाइल से दी।
सास के आने के बाद वह कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर आयी और अपने कमरे में जाकर देखी तो आलमारी का लाकर खुला था, अज्ञात चोरों द्वारा बिस्तर के नीचे से आलमारी का चाबी निकालकर आलमारी के लाकर को खोलकर उसमे रखे सोने का नेकलेस 18 ग्राम, दो जोड़ी सोने का कान का लकटन 14 ग्राम, दो जोड़ी चांदी का बिछिया चोरी कर ले गए हैं। नर्स के मुताबिक चोर दो लोग थे।
पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 34, 380, 454 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।