दुर्ग

दुर्ग के नए एसएसपी और एएसपी ने संभाला पदभार
15-Oct-2023 4:03 PM
दुर्ग के नए एसएसपी और एएसपी ने संभाला पदभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 अक्टूबर।
दुर्ग जिले के नए एसएसपी रामगोपाल गर्ग ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया और उन्होंने एक के बाद एक कई बैठकें लीं। उन्होंने कहा कि उन्हें विधानसभा चुनाव के दौरान दुर्ग जिले में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। उनका मुख्य फोकस शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव कराना होगा।

ज्ञात हो कि तीन दिन पहले ही दुर्ग एसपी शलभ कुमार सिन्हा और एएसपी संजय ध्रुव को चुनाव आयोग ने हटाकर पुलिस मुख्यालय रायपुर में पदस्थ किया है। इसके बाद यहां 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग को दुर्ग एसएसपी की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा दुर्ग शहर एएसपी की जिम्मेदारी अभिषेक झा को दी गई है। दोनों ही अधिकारियों ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। 

बतौर एसएसपी ज्वाइन करते ही रामगोपाल गर्ग ने सबसे पहले जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों की मीटिंग ली। उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम थाना प्रभारियों की बैठक बुलाई। इस बैठक में एसएसपी रामगोपाल गर्ग ने दुर्ग जिले में अपराध और अन्य छोटी से लेकर बड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्हें निपटाने के लिए पुलिस किस प्रकार कार्य कर रही है, उनके पास क्या संसाधन है, इसकी जानकारी भी ली गई है। 

एसएसपी ने कहा कि बैठकों में जानकारी के बाद वो इस नीति पर कार्य करेंगे कि इन्हीं संसाधनों में हर समस्या को कैसे निपटाया जाए। पुलिस का मुख्य काम चुनाव कार्य को शांतिपूर्वक निपटाना होगा।

दुर्ग के नए एएसपी सिटी अभिषेक झा ने भी कल ही अपना पदभार सम्हाल लिया है। अभिषेक दुर्ग जिले में कुछ महीने पहले सीएसपी मुख्यालय के पद पर पदस्थ थे। इसके बाद उनका ट्रांसफर हुआ। प्रमोशन होने के बाद वो एएसपी सिटी दुर्ग बने हैं। अभिषेक को दुर्ग जिले के बारे में काफी जानकारी है, इससे वो चुनाव के दौरान बेहतर कार्य कर पाएंगे।


अन्य पोस्ट