दुर्ग

मध्यप्रदेश से भिलाई लाई गई 12 लाख की शराब जब्त, महाराष्ट्र के 2 गिरफ्तार
15-Oct-2023 3:45 PM
मध्यप्रदेश से भिलाई लाई गई 12 लाख  की शराब जब्त, महाराष्ट्र के 2 गिरफ्तार

चेकिंग में पकड़े जाने से बचने ट्रक के डाले में भरी गई थी राखड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 अक्टूबर।
गोदाम में खड़े ट्रक में मध्यप्रदेश से भिलाई लाई गई 12 लाख की शराब जब्त कर महाराष्ट्र के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राखड़ से लोड ट्रक में अलग से केबिन बनाकर शराब छुपाई गई थी। 

जिला दुर्ग में नशे के खिलाफ मुहिम चलाने एवं अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राम गोपाल गर्ग (भापुसे) के द्वारा अवैध शराब की पतासाजी कर कार्रवाई करने निर्देश के परिपालन में शनिवार को सूत्रों से पता चला कि 10 चक्का ट्रक क्रमांक एम एच 40 सी एम 8512 में कुछ लोग मध्यप्रदेश की ओर से भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर लाए हैं जिसे ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज इंजीनियरिंग पार्क के एरिया में किसी बंद फैक्ट्री में ट्रक को छिपाकर रखे हैं। 

सूचना पर टीम द्वारा इंजीनियरिंग पार्क क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अंतत: इंजीनियरिंग पार्क स्थित जय पार्वती इंडस्ट्रीज के बगल में बंद पड़ी एक गोडाउन में उक्त ट्रक अंदर खड़ा दिखाई दिया। गेट में अंदर से ताला लगा हुआ था, जिससे टीम द्वारा अंदर जाकर देखने पर ट्रक में दो व्यक्ति बैठे मिले।

दोनों से पूछताछ करने पर अपना नाम गणेश कुमार निवासी यवतमाल महाराष्ट्र व आसिफ सैयद निवासी नागपुर का होना बताए। ट्रक में भरे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर राखड़ भरा होना, जिसे उक्त गोडाउन में खाली करने आना बताए। 

उक्त व्यक्तियों से सघन एवं तथ्यात्मक पूछताछ करने पर व उक्त ट्रक की तलाशी करने पर ट्रक के डाला में मात्र 6 फीट के एरिये में राखड़ भरा होना और डाला के शेष एरिया में अवैध शराब की पेटियां भरी हुई मिली। जिससे उक्त दोनों आरोपियों के विरूद्ध मौके पर ही धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 200 पेटी शराब प्रत्येक पेटी में 50/50 पौवा प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब एवं घटना में प्रयुक्त 10 चक्का ट्रक क्रमांक एम एच 40 सी एम 8512 को जब्त किया गया। 

अग्रिम कार्रवाई थाना पुरानी भिलाई में की जा रही है। मामले में आरोपी गणेश कुमार झुराड़े (36) महाराष्ट्र, आसिफ सैयद (44)  नागपुर को गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट