दुर्ग
सात हजार से अधिक अधिकारी - कर्मियों की लगाई जाएगी ड्यूटी
दुर्ग, 15 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयाररियों ने जोर पकड़ लिया है मतदान दलों का प्रथम रेंडमाइजेशन का कार्य किया गया। जिले के विभिन्न विधान सभाओं में मतदान कराने के लिए मतदान दल में सात हजार से अधिक अधिकारी - कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार मतदान दलों के प्रथम रेंडमाइजेशन का कार्य कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार मीणा, सीईओ जिला पंचायत अश्विनी देवांगन, एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी एल. बी. सिंह की उपस्थिति में कराया गया। इसमें कुल 3985 पुरूष मतदान दल अधिकारियों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। कुल 7000 से अधिक पुरूष और महिला अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी मतदान दल में लगाई जाएगी। इसमें ऑल वूमेन मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन, ऑल पीडब्लूडी मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन, ऑल यूथ मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन और मॉडल पोलिंग स्टेशन शामिल है।
जिले के अंदर कुल 6 पूर्ण एवं 2 विधान सभाओं का आंशिक क्षेत्र आता है इन विधान सभा क्षेत्रों कुल 1479 मतदान केन्द्र बनाए गए है जहां मतदान कर्मियों एवं मतदान करने आने वाले मतदाताओं के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर भी तैयारी कर ली गई है।