दुर्ग

महिला बाल विकास विभाग में कार्यरत महिला से मारपीट
13-Oct-2023 3:24 PM
महिला बाल विकास विभाग में कार्यरत महिला से मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अक्टूबर।
महिला बाल विकास विभाग में कार्यरत महिला के साथ उसके ही परिचित आरोपी ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं आरोपी ने नशे की हालत में ऑफिस के रजिस्टर को भी फेंक दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। 

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 6 बैगापारा दुर्ग निवासी विभा यादव महिला बाल विकास विभाग पांच बिल्डिंग परिसर में कार्यरत है। 11 अक्टूबर की शाम लगभग 4 बजे उसके ही पूर्व परिचित आरोपी सूरज किलोर ने अपने मोबाइल से प्रार्थिया को फोन किया। बार-बार फोन करने पर भी जब पीडि़ता ने फोन नहीं उठाई तो आरोपी ऑफिस पहुंच गया। नशे में पहुंचे आरोपी ने फोन क्यों नहीं उठा रही हो कहकर गाली गलौज करते हुए टेबल पर रखे रजिस्टर को फेंक दिया और पीडि़ता से बहस करने लगा। इस पर पीडि़ता ने कहा कि बाहर चल कर बात करते हैं। बाहर जाने पर आरोपी ने फोन नहीं उठाने की बात को लेकर पीडि़ता के साथ मारपीट करते हुए गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

 


अन्य पोस्ट