दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अक्टूबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा पूरक परीक्षा 2023 के आयोजन हेतु 41 परीक्षा केन्द्र चिन्हित किये गये है। छात्र संख्या के आधार पर कुछ परीक्षा केन्द्रों में वृद्धि भी की जा सकती है। यह जानकारी विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज परीक्षा केन्द्रों के प्राचार्यों की ऑनलाईन बैठक में दी। डॉ. पल्टा ने बताया कि पूर्व में वार्षिक परीक्षा हेतु बनाये गये केन्द्रों में परिवर्तन किया गया है। अत: विद्यार्थियों को इस बात का ध्यान रखना है कि उनके पूरक परीक्षा प्रवेष पत्र में उल्लेखित परीक्षा केन्द्र पर ही वें पूरक परीक्षा दे पायेंगे चाहे वार्षिक परीक्षा में उनका दूसरा परीक्षा केन्द्र रहा हो।
उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि 10 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक विवि को 33 हजार पूरक परीक्षा के आवेदन पत्र प्राप्त हुए है। रात्रि 12 बजे तक इनकी संख्या में वृद्धि की आषा है। डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि विवि की पूरक परीक्षाएं पूर्व की भांति तीन पालियों में आयोजित होगी। प्रातकालीन प्रथम पाली में सुबह 7 से 10 बजे तक, द्वितीय पाली में 11 से 2 बजे तक तथा तृतीय पाली में 3 से 6 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली में विज्ञान संकाय द्वितीय पाली वाणिज्य संकाय तथा तृतीय पाली में कला संकाय की पूरक परीक्षा आयोजित होगी।
आयोजित ऑनलाईन बैठक में सभी 41 परीक्षा केन्द्रों के प्राचार्य उपस्थित थें। कुलपति, डॉ. पल्टा के साथ प्राचार्यों ने पूरक परीक्षा के आयोजन पर गहन विचार-विमर्ष किया। डॉ. पटेल ने बताया कि चुनाव ट्रेनिंग एवं अन्य आवश्यक कारणों से इस बार साइंस कॉलेज, दुर्ग, शासकीय कन्या महाविद्यालय, दुर्ग तथा शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय, राजनांदगांव को पूरक परीक्षा का केन्द्र नहीं बनाया गया है।