दुर्ग

अरुण वोरा ने ठगड़ा बांध में सांस्कृतिक कार्यक्रम और गायक कलाकारों के लिए मंच निर्माण की घोषणा
09-Oct-2023 3:26 PM
अरुण वोरा ने ठगड़ा बांध में सांस्कृतिक कार्यक्रम और गायक कलाकारों के लिए मंच निर्माण की घोषणा

शहर के गायक कलाकारों में उत्साह, विधायक एवं महापौर का माना आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 अक्टूबर। ठगड़ा बांध माधव वाटिका में बीते कल ग्रैंड ओपनिंग के दौरान छत्तीसगढ़ मंच की मांग पर शहर विधायक अरुण वोरा ने सांस्कृतिक आयोजनों एवं शहर के गायक कलाकारों के लिए  स्थायी मंच निर्माण की घोषणा करते हुए इसके लिए स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी इसके लिए सहमति जताई। मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत, तुलसी सोनी, दिनेश जैन एवं गुलाब चौहान ने ठगड़ा बांध माधव वाटिका के ग्रैंड शुभारंभ के दौरान आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान शहर विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाक्लीवाल से स्थाई मंच निर्माण की मांग की।

शहर विधायक ने  उपस्थित शहरवासियों के समक्ष अपने उद्बोधन में सांस्कृतिक आयोजनों एवं गायक कलाकारों के लिए मंच निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की।

विदित हो कि पूर्व में भी छत्तीसगढ़ मंच ने ठगड़ा बांध, शिवनाथ नदी एवं नगर चौपाटी में ओपन मंच निर्माण  की मांग की थी। जिस पर विधायक अरुण वोरा ने ओपन मंच निर्माण कराये जाने की घोषणा की थी। मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि  ओपन मंच के निर्माण से सैर सपाटे के लिए आने वाले नागरिक यहां पर मनोरंजन हेतु गायन एवं विविध प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सकेंगे ।

मंच निर्माण स्वीकृति  की घोषणा करने पर शहर विधायक  अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल का छत्तीसगढ़ मंच के रमन सिंह,युनुस चौहान,त्रिलोक सोनी, हरीश सोनी, प्रणव सोनी, संजय खंडेलवाल, तराना म्यूजिकल ग्रुप के शारिक अली मन्नी,साई म्यूजिकल ग्रुप के हाजी मिर्जा साजिद बैग,कोशिश स्टार ग्रुप के संचालक जाहिद अली, सुर धारा म्यूजिकल ग्रुप की संचालिका ज्योति ध्रुव, द वाईस ऑफ दुर्ग सिटी के संजय लारोकर, माधुरी लारोकार, कर स्वरांजली ग्रुप के संचालक संजय दुबे ने उक्त घोषणा का स्वागत करते हुए विधायक एवं महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट