दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अक्टूबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में जन्तु विज्ञान विभाग के तत्वावधान में विश्व पशु कल्याण दिवस के उपलक्ष्य पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्व पशु कल्याण दिवस के प्रति जागरूक करना तथा पशु सुरक्षा नियमों से अवगत कराना था। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया और उत्सुकता के साथ पोस्टर के द्वारा अपने विचार व्यक्त किये।
प्रतियोगिता की शुरुआत में विभागाध्यक्ष डॉ. समन सिद्दीकी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने और बताया कि विश्व पशु कल्याण दिवस दुनिया भर में हर साल 4 अक्टूबर को विश्व पशु दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य पशुओं के कल्याण और संरक्षण को बढ़ावा देना है। कई लोग बेजुबानों के प्रति बहुत बुरा व्यवहार करते हैं इसलिए लोगों को यह बताना काफी जरूरी है कि हमारा जीवन काफी हद तक पशु-पक्षियों पर निर्भर करता है।
प्रतियोगिता का अवलोकन कार्य डॉ. श्वेता, सहायक प्राध्यापिका जैव प्रौद्योगिकी तथा श्रीमती संगीता वर्मा सहायक प्राध्यापिका, सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर बी.एस-सी. प्रथम सेमेस्टर बायोटेक्नोलॉजी के छात्र सोमेश पटेल इशिका सिंह, द्वितीय स्थान पर बी.सी ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा तूसिका सिंन्हा एवं तृतीय स्थान पर एम.एस.सी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा रानू साहू रही। विजेताओं को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर इनका उत्साहवर्धन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन लीलम चंद्राकर ने किया। इस प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के सभी सहयोगी प्राध्यापिकाएं उपस्थित थीं और प्रतियोगिता सुचारू रूप से संचालन हेतु अपना सहयोग प्रदान किया।