दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अक्टूबर। खाद्य तेल में आत्म निर्भरता व कृषकों की आय बढ़ाने कवायद चल रही है। इसके लिए वर्ष 2026 तक 6लाख हेक्टेयर में आयल पाम रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत जिले के सिलतरा गांव में उद्यानिकी विभाग द्वारा आयल पाम का पौध रोपण किया गया।
इस पौध रोपण कार्यक्रम में मौजूद उपसंचालक उद्यान संचालनालय रायपुर नीरज शाह ने बताया कि ऑयल पाम योजना केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की संयुक्त परियोजना है, देश में खाद्य तेल की कमी है इसे हम इंडोनेशिया एवं मलेशिया से आयात करते हैं, परन्तु वहां पर भी इसकी कमी हो रही है जिस वजह से देश में खाद्य तेलों का भाव बढ़ते जा रहे हैं। इसलिए आत्मनिर्भर होने एवं कृषकों की आय में वृध्दि हेतु ऑयल पाम का क्षेत्र विस्तार इस क्षेत्र में तेजी से करना है। उद्यान विभाग द्वारा 3 एफ के साथ अनुबंध किया गया है, जिसके अनुसार उच्च गुणवत्ता के ऑयल पाम पौध कृषकों को प्रदान करना है इसकी उपज शासन द्वारा निर्धारित मुल्यों पर खरीदी सुनिश्चित करनी है।
उप संचालक पूजा कश्यप साहू ने ऑयल पाम में कृषकों को प्रथम चार वर्ष तक दिये जाने वाले विविध अनुदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह किसी भी प्रकार की भूमि में जो सिंचित हो में लगाया जा सकता हैं, साथ ही प्रथम तीन वर्ष तक अन्य उद्यानिकी फसलों को अंर्तवर्तीय फसल के रूप में लगा कर अतिरिक्त आमदनी कमाई जा सकती है 3 एफ ऑयल पाम से। रविन्दर सिंग ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा 2021 में पुर्ननिर्धारित योजना एनएमईओपी अन्तर्गत 2026 तक पूरे देश मे छ: लाख हेक्टेयर भूमि में ऑयल पाम रोपण का लक्ष्य है, यह सरकार की प्रमुख योजनाओं से एक है। सरकार द्वारा गठित विभिन्न समितियों द्वारा छत्तीसगढ़ में भी लगभग 57000 हेक्टेयर भूमि ऑयल पाम की खेती लिए उपयुक्त पायी गयी है।
कार्यक्रम में प्रगतिशील एवं ऑयल पाम कृषक योगेश साहु द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा सन 2018 में ऑयल पाम का रोपण किया गया है, जिसकी उपज कंपनी द्वारा खरीदी जा रही हैं, इस फसल में न्यूनतम मजदुर एवं दवाई की आवश्यकता होती है, उपज भी उच्च है जिससे उनकों अच्छा लाभ मिल रहा है, उनके द्वारा अंतर्वतीय फसल के रूप में जिमी कंद लिया जा रहा हैं।
जिले के 5हजार हेक्टेयर में किया जाएगा विस्तार
प्रबंधक मनोज शर्मा द्वारा आगामी योजना के बारे में बताया गया कि अगले 5 वर्षों में उद्यान विभाग के साथ मिलकर धमधा, दुर्ग बेमेतरा क्षेत्र में 5000 हेक्टेयर में क्षेत्र इसका विस्तार किया जायेगा एवं ऑयल पाम प्रंसस्करण इकाई की स्थापना कि जायेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा व कृषकों की आय में वृध्दि होगी। इस दौरान कृषि विज्ञान केन्द दुर्ग से विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉक्टर रोशन लाल साहु, मंत्री प्रतिनिधी जीवन निर्मलकर ,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जीवन वर्मा, टोमन लाल साहू सदस्य जपं, धमधा, गणेश राम ठाकुर सरपंच, छग प्रगतिशील किसान संगठन के राजकुमार गुप्ता, आई के वर्मा एवं लगभग 150 कृषक उपस्थित थे।