दुर्ग

हेमचंद विवि, पूरक परीक्षा पोर्टल प्रारंभ होने के तीन दिन में 5 हजार आवेदन प्राप्त
07-Oct-2023 2:37 PM
हेमचंद विवि, पूरक परीक्षा पोर्टल प्रारंभ होने के तीन दिन में 5 हजार आवेदन प्राप्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अक्टूबर।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग में दो विषयों में पूरक परीक्षा संबंधी शासन का आदेश जारी होते ही ऑनलाईन पोर्टल आरंभ कर दिया गया। विविके परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि पोर्टल प्रारंभ होने के प्रथम तीन दिनों में कुल पांच हजार ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें से अधिकांश आवेदन उन आवेदकों के है जिन्हें पूर्व में एक विषय में पूरक की पात्रता मिली थी और वें निर्धारित तिथि तक ऑनलाईन आवेदन जमा नहीं कर पाये थे। इनको मिलाकर अभी तक एक विषय में पूरक प्राप्त कुल इक्कीस हजार पांच सौ आवेदन विविको प्राप्त हो चुके हैं। अब दो विषय में पूरक प्राप्त परीक्षार्थी अपना आवेदन जमा कर रहे है। आज तक दो विषय में पूरक प्राप्त 1500 विद्यार्थियों ने आवेदन जमा कर दिया है।

डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि दशहरा, दीपावली अवकाश एवं अगामी विधानसभा चुनावों में शासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापकों की टे्रनिंग तथा चुनाव ड्युटी आदि बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए इस बार विवि अनेक परीक्षा केन्द्रों में परिवर्तन करने जा रहा है। इन परीक्षा केन्द्रों की विस्तृत जानकारी शीघ्र विवि की अधिकृत वेबसाइट एवं समाचार माध्यमों के माध्यम से दी जायेगी। पूर्व में निर्धारित 23 परीक्षा केन्द्रों में परिवर्तन करते हुए लगभग 40 परीक्षा केन्द्र बनाया जाना प्रस्तावित है।

विवि में विभिन्न छात्रप्रतिनिधियों ने कुलपति, डॉ. पल्टा से भेंट कर दीपावली के पूर्व समस्त पूरक परीक्षाएं संपन्न कराने का आग्रह किया। इस पर कुलपति ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। छात्र प्रतिनिधियों ने पूरक परीक्षा के शुल्क में किसी भी प्रकार की वृद्धि न करने के कुलपति के निर्णय का स्वागत भी किया। 

कुलपति, डॉ. पल्टा ने विद्यार्थियों को जानकारी दी पूरक परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन किया जायेगा। जिससे विद्यार्थियों के मांग के अनुरूप शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। डॉ. पल्टा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक ऑनलाईन आवेदन करना अनिवार्य है। इसके पश्चात् किसी भी परिस्थिति में परीक्षा आवेदन करने की तिथि में वृद्धि नहीं की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट