दुर्ग

मृतिका का पंचनामा हो रहा था, तभी पति भी मोहल्ले की झोपड़ी में फंदे पर लटका मिला
04-Oct-2023 3:24 PM
मृतिका का पंचनामा हो रहा था, तभी पति भी  मोहल्ले की झोपड़ी में फंदे पर लटका मिला

तिल्दा से भिलाई पहुंचे परिजन, दोनों शव पीएम के लिए भेजे गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 41 में पुलिस को एक महिला के मृत हालत में पड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पंचनामा कर ही रही थी तो इस दौरान मृतका के पति की घर से बाहर जाने जानकारी मिली। पुलिस उसके पति की तलाश में पतासाजी कर ही रही थी कि सूचना मिली की मोहल्ले की ही एक झोपड़ी में मृतका का पति भी फंदे में झूलता मृत पाया गया है।

इस हादसे से पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। पति के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने एवं पत्नी का शव घर के पास एक मंच पर मिलने के बाद पुलिस मर्ग कायम कर मृत्यु के कारण का पता लगाने में जुटी हुई है।

एएसपी संजय ध्रुव ने बताया कि मंगलवार को जामुल थाना क्षेत्र वार्ड क्रमांक 41 की रहने वाली रमली नेताम (35 वर्ष) की मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर मौके पर पहुंचकर देखा गया, महिला मृत हालत में पड़ी थी। पूछताछ करने पर उसके पति जीतू नेताम (40 वर्ष) का घर से कहीं चले जाना बताया गया। पुलिस द्वारा खोजबीन करने पर मोहल्ले के एक झोपड़ी में जीतू भी फांसी के फंदे से झूलता मिला। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचकर प्राथमिक कार्यवाही की गयी एवं दोनों की मृत्यु की कारणों की जांच की जा रही है। पत्नी के शव का पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु के कारण और जांच स्पष्ट हो पायेगी।

ज्ञात हो कि घूमंतु प्रवृत्ति की महिला रमली की लाश घर के पास एक मंच पर पुलिस को मिली है। वहीं उसके पति की लाश मोहल्ले की एक झोपड़ी में फांसी पर लटकी मिली। क्षेत्र में एक साथ दो लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लोगों ने घटना की सूचना डॉयल 112 को मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।

जामुल टीआई याकुब मेनन ने बताया कि आदिवासी मोहल्ला जामुल निवासी रमली नेताम का मंच में लाश संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस मौके पर पहुची और पति जीतू नेताम को खोजबीन करने पर नहीं मिल रहा था। मंच से थोड़े दूर आगे एक झोपड़ी में उसकी लाश फांसी पर लटकी मिली। दोनों के शरीर में किसी भी प्रकार का चोट के निशान नहीं मिले हैं। दोनों के तीन बच्चें भी हैं। रमली और जीतू मूलत: तिल्दा के रहने वाले है। घूम-घूमकर अपना जीवन यापन यहां रहकर करा करते थे।

बताया जा रहा है कि रमली पति बच्चों समेत तिल्दा से दो-तीन दिन पहले ही यहां आए हुई थीं। रमली कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर कोई खास जानकारी भी नहीं मिल पाई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन तिल्दा से जामुल पहुंचे है़। शव का पीएम होने के बाद ही मौत की असली जानकारी खुलकर सामने आ पाएगी, फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट