दुर्ग
मुख्यमंत्री की घोषणा से 70 वार्ड में विकास शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 अक्टूबर। गांधीजी के बताए रास्ते पर चलकर समाज व व्यक्ति का उत्थान हो सकता है, उनके विचार आज भी प्रासंगिक है, 2 अक्टूबर के दिन को आने वाले समय में इसलिए भी याद किया जाएगा कि भिलाई निगम के 70 वार्ड में एक साथ विकास के कार्य प्रारंभ हुए हैं। महापौर नीरज पाल ने निगम मुख्य कार्यालय सुपेला प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा श्रद्धा सुमन अर्पित कर उक्त बातें कहीं।
उन्होंने निगम प्रांगण में ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अपने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान भिलाई के 70 वार्डो में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा के कार्य का शुभारंभ भी किया। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जोन क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गयी और जोन कार्यालय में रंगोली बना कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण किया गया। संपूर्ण निगम क्षेत्र में महापुरुषों की प्रतिमा स्थल की सफाई कर माल्यार्पण किया गया।
स्वचछता ही सेवा है पखवाड़ा के समापन अवसर पर नागरिकों एवं कर्मियों को सफाई मित्र प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गाँधी जयंती के अवसर पर निगम मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 17 करोड़ से अधिक के निगम के सम्पूर्ण 70 वार्ड मे विभिन्न विकास कार्य को प्रारंभ किया गया।
ज्ञात हो कि भिलाई में भेंट मुलाक़ात के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई निगम क्षेत्र के सभी 5 जोन में विकास कार्यों के लिए घोषणा की थी। कार्यक्रम में सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद के सदस्य केशव चौबे, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, चंद्रशेखर गवई, रीता गेरा, मालती ठाकुर, जोन अध्यक्ष राजेश चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर, पार्षदगण, आयुक्त रोहित व्यास, अधीक्षण अभियंता दीपक जोशी, जोन आयुक्त एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।