दुर्ग
भिलाई नगर, 3 अक्टूबर। सुंदर नगर चर्च के पास एक युवक से दो लोगों ने जमकर मारपीट की और जब पीडि़त युवक थाना रिपोर्ट लिखाने निकला तो नाराज़ आरोपी युवकों ने उसके घर का दरवाजा बंद देख बाहर लगे कूलर को तोड़ भाग निकले हैं। छावनी पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है।
छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केम्प 1, सुंदर नगर कैथोलिक चर्च के पास निवासी 23 वर्षीय एस सिलास उर्फ बालू पेशे से एक प्रायवेट कंपनी में सफाई कर्मचारी है। कल रात वह घर के पास कैथोलिक चर्च के सामने खड़ा था तभी मोहल्ले के सुधीर और सूरज दोनों पहुंचे और गाली देने लगे। मना करने पर बालू को जान से मारने की धमकी दे हाथ मुक्का से उसे पीटने लगे। तभी करण और विकास नामक युवकों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। बालू घटना की रिपोर्ट करने जब छावनी थाना जा रहा था तो नाराज़ आरोपियों ने उसके घर का बंद दरवाजा पीटा और बाहर लगे कूलर को तोड़ भाग निकले। मारपीट से बालू के गाल के पास और दाहिने हाथ में अंदरूनी चोट आई है।
छावनी पुलिस ने इस मामले में सुंदर नगर निवासी सुधीर और सूरज के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 और 427 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।