दुर्ग
दुर्ग, 30 सितम्बर। पैशन प्रो वाहन में गांजा रखकर ले जा रहे आरोपी को उतई थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से सफेद रंग की बोरी के अंदर दो बंद पैकेट में 10 किलो 874 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत कार्रवाई की गई है। 28 सितंबर को उतई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हथखोज पारा उतई निवासी बनवाली राम अग्रवाल अपनी मोटर सायकल में गांजा रखकर दुर्ग से अपने घर हथखोज पारा उतई की ओर आ रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गवाहों को लेकर डुमरडीह चौक बस स्टैण्ड के पास पहुंची और घेराबंदी करते हुए आरोपी बनवाली राम अग्रवाल पिता लाला राम अग्रवाल उम्र 45 वर्ष निवासी हथखोज पारा उतई थाना उतई को मोटर सायकल से मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते हुए पकडा। बाइक के पीछे सीट में कैरियर से बंधा एक सफेद रंग के बोरी के अंदर 02 बंद पैकेट थे,जिसका कुल वजन 10 किलो 874 ग्राम था। आरोपी के खिलाफ धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध घटित करना पाये जाने पर गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।