दुर्ग
दो की इलाज के दौरान हो चुकी है मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 सितंबर। सेक्टर 9 अस्पताल में स्वाइन फ्लू से दो लोगों की मौत के बाद रिसाली क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का एक और मरीज मिला है, उसे गंभीर हालत में सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि ऐहतियातन नगर निगम रिसाली के मैत्री नगर क्षेत्र में कल स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सर्वे करने के दौरान 3 सर्दी और 1 खासी के मरीज मिले हैं। टीम ने इन लोगों को सलाह दी कि अगर खांसी या अन्य शिकायत होती है तो वो तुरंत चिकित्सक से मिलकर इलाज करवाएं। बढ़ते स्वाइन फ्लू के केस को देखते हुए उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश में अलर्ट जारी किया है।
नोडल अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के निर्देश पर कल नगर निगम रिसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम जायजा लेने पहुंची और घर-घर जाकर दस्तक दिया और सर्वे किया। सर्वे के दौरान टीम ने बीमार लोगों का पूरा डाटा लिया और उन्हें दवाइयां भी दीं। कई लोगों के सैंपल भी कलेक्ट किए गए हैं। सभी लोगों को जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मैत्री नगर रिसाली में स्वाइन फ्लू से मौत होने के बाद शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी सुपेला डॉ. पियाम सिंह, सिटी प्रोग्राम मैनेजर तुषार वर्मा, विकास खंड प्रशिक्षण अधिकारी हितेंद्र कोसरे, राजेंद्र डाहरे, विजय सेजुले, सेक्टर पर्यवेक्षक अनिल नागदेवे, डीपी खरे, सरोज साहू, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक तोरन कुंभकार, हेमंत कुंभकार, मोनिका तारक, मितानिन पुष्पा आड़े, रूपा हरदेल शामिल थे। सेक्टर-9 अस्पताल में कर्मचारी, मरीज व आने वाले रिश्तेदार भी मास्क लगाए नजर आए। स्वाइन फ्लू को लेकर लोगों में दहशत है। मौसम में बदलाव की वजह से शहर में वायरल फीवर व खांसी, सर्दी की शिकायत है। एक मरीज में स्वाइन फ्लू के और लक्षण पाए गए हैं। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
नगर निगम रिसाली क्षेत्र में स्वाइन फ्लू से मौत के बाद लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज मिलने पर मितानीन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने कहा जा रहा है। मौसमी और जानलेवा बीमारी के मरीजों को चिंहित करने कहा जा रहा है।