दुर्ग

हेमचंद विवि में छात्रहित में अनेक निर्णयों के साथ कार्यपरिषद की बैठक
30-Sep-2023 2:34 PM
हेमचंद विवि में छात्रहित में अनेक निर्णयों के साथ कार्यपरिषद की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 सितम्बर।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा आयोजित कार्यपरिषद् की बैठक में छात्रहित में अनेक निर्णय अनुमोदित किये गये। यह जानकारी देते हुए विवि के अकादमिक विभाग के सहायक कुलसचिव, डॉ. सुमीत अग्रवाल ने बताया कि आयोजित कार्यपरिषद् की बैठक विवि के टैगोर हॉल में ऑफलाईन तथा ऑनलाईन पद्धति से आयोजित की गई। 

बैठक की अध्यक्षता विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने की। डॉ. सुमीत अग्रवाल ने बताया कि आज आयोजित बैठक में यूजीसी नईदिल्ली द्वारा नवंबर 2022 में भारत के राजपत्र में प्रकाषित पीएचडी संबंधी अधिनियम में परिवर्तन संबंधी बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यपरिषद् में यह निर्णय लिया कि विवि की परिस्थिति के अनुसार बिन्दुओं के अंगीकरण हेतु विवि की कुलपति एक समिति गठित करे तथा उस समिति के प्रस्ताव पर विचार कर उसे अनुमोदन हेतु उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा राजभवन में पीएचडी अधिनियम 45 में संशोधन हेतु भेजा जाए।

डॉ. अग्रवाल के अनुसार क्रीडा के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रदर्षन करने वाले खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार राशि के रूप में विवि द्वारा राशि प्रदान किये जाने का प्रस्ताव अनुमोदन किया गया। प्रस्ताव के अनुसार पूर्वी क्षेत्र अंतरविवि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को 12 हजार रूपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 10 हजार रूपये प्रदान की जाएं। 

इसी प्रकार अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालीन प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी सदस्यों को प्रथम स्थान में 15 हजार द्वितीय स्थान पर 12 हजार, तृतीय स्थान पर 8 हजार तथा चतुर्थ स्थान पर 5 हजार रूपये पुरस्कार राशि प्रदान किये जाने का अनुमोदन कार्यपरिषद् ने किया। इसके अलावा डॉ. सुमीत अग्रवाल ने बताया कि सीएम द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप भिलाई-दुर्ग में प्रस्तावित तक्षशिला ग्रंथालय परिसर के निर्माण लागत में हेमचंद यादव विवि, दुर्ग 07 करोड़ 75 लाख रूपये का अंशदान देगा। इसी प्रकार विवि में माइग्रेषन तथा डिग्री प्राप्ति की प्रक्रिया को पूर्ण रूप से ऑनलाईन किये जाने का भी अनुमोदन कार्यपरिषद् के सदस्यों ने किया।

डॉ. सुमीत अग्रवाल द्वारा संचालित इस कार्यपरिषद् की बैठक में ऑनलाईन रूप से डॉ. बेबीनंदा मेश्राम, डॉ. दिवाकर सिंह राठौर तथा ऑफलाईन रूप से कुलसचिव, श्री भूूपेन्द्र कुलदीप, अपर संचालक, डॉ. सुशीलचन्द्र तिवारी, डॉ.के. एल. तांडेकर, डॉ. अनिता मेश्राम, डॉ. नीरा पांडे, डॉ. शरद पाटणकर, डॉ. अमिता सहगल, डॉ. एच.पी. सिंह सलूजा आदि कार्यपरिषद् के सदस्य उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट