दुर्ग

भिलाई में मिली तीन किडनियों वाली महिला
30-Sep-2023 1:03 PM
भिलाई में मिली तीन किडनियों वाली महिला

  डॉक्टर बोले-पूरी दुनिया में ऐसे केवल 100 लोग  
 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 

भिलाई नगर, 30 सितंबर। तेज दर्द और इंफेक्शन से परेशान महिला अस्पताल पहुंची और जांच के दौरान सामने आया यह दुर्लभ मेडिकल केस। डॉक्टरों ने बताया कि दुनिया में गिने-चुने लोगों के शरीर के भीतर ही अभी तक दो की जगह, तीन किडनियां देखने को मिली हैं। अपने आप में अनोखी और दुनिया के दुर्लभ मेडिकल मामलों में से एक ऐसा केस भिलाई में सामने आया है। 
जब महिला का चेकअप हुआ तो डॉक्टर हैरान रह गए क्योंकि इस महिला के शरीर में दो नहीं बल्कि तीन-तीन किडनियां हैं। इसी तीसरी किडनी की वजह से महिला को इंफेक्शन की समस्या हो रही है।

ज्ञात हो कि यह पूरा मामला भिलाई के स्पर्श अस्पताल का है, जहां पेट दर्द का इलाज करवाने एक महिला पहुंची और महिला मरीज के शरीर में तीन किडनियां मिली हैं। डॉक्टर्स के मुताबिक पूरी दुनिया में ऐसे केवल 100 लोग हैं, जिनके शरीर में तीन किडनियां पाई गई हैं। इस दुर्लभ मेडिकल केस की लिस्ट में अब भिलाई की रहने वाली यह महिला भी शामिल हो गई है।

स्पर्श अस्पताल के यूरोलॉजिस्ट डॉ. शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि अस्पताल आई महिला के शरीर में इन्फेक्शन और तेज दर्द था। जब उसका सीटी स्कैन किया गया तो रिपोर्ट में तीन किडनी पाई गई। यह बेहद ही रेयर केस है। देश-दुनिया में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। महिला की फिर से जांच की गई जिसमें यह स्पष्ट हो गया कि मरीज के शरीर में तीन किडनियां हैं उसकी दो किडनी ट्यूब और ब्लेडर में आकर मिल रहीं हैं जबकि तीसरी ट्यूब में ब्लाक है। इसी तीसरी किडनी की वजह से महिला के शरीर में इन्फेक्शन हो रहा है। महिला के इलाज से तीन-चार दिन बाद वह पूरी तरह से स्वस्थ हो गई है। 

डॉ. तिवारी ने कहा कि किसी भी इंसान के शरीर में तीन किडनियां होना दुर्लभ है, लेकिन इससे कोई समस्या नहीं होती और उसकी जिंदगी सामान्य होती है।


अन्य पोस्ट