दुर्ग

विदेशी विवि से मानद डॉक्टरेट डिग्री दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी
29-Sep-2023 3:30 PM
विदेशी विवि से मानद डॉक्टरेट डिग्री दिलाने के  नाम पर धोखाधड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितम्बर।
आपसी जान पहचान बढऩे के बाद फॉरेन की यूनिवर्सिटी से ऑनरेरी डॉक्टरेट डिग्री दिलाने के नाम पर एक आरोपी ने प्रार्थी के साथ एक लाख की धोखाधड़ी की। प्रार्थी विजय कुमार गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉ. तपन ककाटी के खिलाफ अपराध दर्ज कराया। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है।

बोरसी दुर्ग में हुए सनातन धर्म सभा के एक सम्मान कार्यक्रम में प्रार्थी विजय कुमार गुप्ता निवासी ऋषभ नगर फेज 2 की पहचान 20 नवंबर 2022 को डॉक्टर तपन  से हुई थी। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अरुण मिश्रा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. तपन ककाटी थे। भाषण के दौरान डॉ. तपन ने स्वयं को स्मृति ईरानी का प्रमुख सलाहकार बताया था। इस दौरान वह मुझसे मिलने की इच्छा जताई और इसके बाद में दिल्ली वापस चले गए। 21 नवंबर 2022 को व्हाट्सएप पर डॉक्टर तपन ने प्रार्थी को मैसेज किया कि फॉरेन यूनिवर्सिटी की ऑनरेरी डाक्टरेट डिग्री लीजिए। इसको लेकर उन्होंने एक फॉर्म भी प्रार्थी को भेजा। साथ में बायोडाटा भी अटैच करने के लिए कहा। शुल्क के रूप में 175000 रुपए बताया गया। इसके बाद डॉ.तपन ने मैसेज में कहा कि आपसे मेरा अच्छा संबंध है। संबंध को देखते हुए मैं रकम काम करवा दूंगा। 

इस पर उन्होंने एक लाख भेजने की बात कही। आरोपी डॉ. तपन ने बताया कि दो लोगों का आने-जाने का एयर टिकट एवं दो दिन का अकोमोडेशन निशुल्क रहेगा। उस पर भरोसा करके विजय कुमार गुप्ता ने चार बार में कुल 1 लाख रुपए भेजे। इसके बाद जब आगे की प्रक्रिया के लिए उनसे संपर्क किया गया तो वह टालमटोल करने लगे।


अन्य पोस्ट