दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितम्बर। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दिनांक 26 सितंबर 2023 को गोदग्राम कोनारी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
रा.से. यो. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा उक्त दोनों संस्थाओं के विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व एवं उपयोगिता पर आवश्यक निर्देश दिए गए तथा स्वच्छता को स्वास्थ्य की आधारशिला बताया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों के सहयोग से प्राथमिक शाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की नई दिल्ली, राजपथ पर शुरूआत करते हुए कहा था कि एक स्वच्छ भारत के द्वारा ही देश 2019 में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर अपनी सर्वोत्तम श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन देश भर में व्यापक तौर पर राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में शुरू किया गया था। स्वच्छ भारत अभियान आज भी अनवरत रूप से देशभर में जारी है तथा इसी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता में उल्लेखनीय विकास हुआ है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र कोनारी के बच्चों को शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नि:शुल्क स्टेशनरी का वितरण किया गया। उक्त आयोजनों में डॉ. रोहित कुमार वर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।