दुर्ग
मछली पकडऩे के दौरान फिसला था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 सितंबर। दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र में खुंदनी नहर में कल शाम एक 12 साल का बच्चा तब बह गया जब वो नहर में मछली पकडऩे पहुंचा था। लोगों ने इसकी सूचना शाम को ही नंदिनी पुलिस को दी। पुलिस ने दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम ने कई घंटे के रेश्क्यू के बाद आज सुबह शव को नहर से बाहर निकाला।
नंदिनी टीआई राजेश साहू ने बताया कि किशोर की पहचान शिवम पटेल पिता दानेश्वर पटेल (12 साल) के रूप में हुई है। वो नंदिनी खुंदनी का रहने वाला है, उसके पिता किसान हैं।
शिवम शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ खुंदनी नहर में बने स्टॉप डैम के पास मछली पकडऩे पहुंचा था। अचानक उसका पैर फिसला और वो नहर के तेज बहाव में चला गया। उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आसपास के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने उसे खोजा लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद नंदिनी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एसडीआरएफ दुर्ग से टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया।
एसडीआरएफ के कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास शनिवार शाम 4 बजे सूचना आई थी कि खुंदनी नहर में एक बच्चा बह गया है। तत्काल डीप डाइविंग अनुभवी जवान इंद्रपाल यादव, आशीष सिन्हा, भानुप्रताप, ओंकार को वहां भेजा गया। उन्होंने शाम 5 बजे से रेस्क्यू शुरू किया। रात हो जाने से रेस्क्यू को रोक कर आज सुबह 6 बजे से फिर ऑपरेशन शुरू किया गया। सुबह 10 बजे के करीब बच्चे का शव 400 मीटर आगे बेशरम की झाडिय़ों में फंसा हुआ मिला। टीम ने शव को बाहर निकाल परिजनों के हवाले किया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भेज दिया है।