दुर्ग

युवक की हत्या, उम्रकैद
23-Sep-2023 3:04 PM
युवक की हत्या, उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 सितम्बर। सार्वजनिक जगह में युवक पर चाकू से वार कर हत्या कर देने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग की कोर्ट ने आरोपी कैलाश निर्मलकर को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 6 माह के सश्रम कारावास, आयुध अधिनियम की धारा 25(1ख)(ख), 27 के तहत 7 वर्ष कारावास,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 6 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा सुनाई है। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेगी।

अतिरिक्त लोक अभियोजक प्रदीप नेमा ने बताया कि दुर्गानगर थाना अमलेश्वर निवासी मुकेश यादव 26 सितंबर 2021 की रात को खाना खाने के बाद छोटे भाई रुपेश यादव के साथ टहलने निकला हुआ था।

इस दौरान रुपेश यादव गुटखा खरीदने के लिए किराना दुकान में रुक गया, वहीं मुकेश यादव आगे बढ़ता हुआ राजकुमार शर्मा के मकान के पास पहुंचा। इस दौरान आरोपी कैलाश निर्मलकर वहां पर आया और पुरानी बात को लेकर मुकेश से कहा कि तू आजकल मोहल्ले का दादा बना फिर रहा है तेरी दादागिरी मैं निकलता हूं, कह कर विवाद करने लगा। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर बटनदार चाकू से मुकेश पर लगातार वार कर दिया। प्रदीप नेमा ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

 

परिवार वाले उसे गंभीर स्थिति में शासकीय अस्पताल झींट ले गए जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया था।


अन्य पोस्ट