दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 सितम्बर। सूरज साहू हत्याकांड मामले में मृतक के परिवारजन, रिश्तेदार, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व सदस्य शुक्रवार को भी अपनी मांगों को लेकर पटेल चौक पर धरना प्रदर्शन किया। आज 10 लोग अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। जब तक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की सहायता राशि, मृतक की पत्नी ज्योति साहू को सरकारी नौकरी नहीं मिल जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। शासन प्रशासन द्वारा उनकी मांगों को पूरा नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को शव रखकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।
12 सितंबर की सुबह सूरज साहू पर मोहल्ले में ही रहने वाले चंद्रकांत साहू, छोटू गुप्ता ,गोपाल गुप्ता एवं दो अन्य आरोपियों ने डंडे व राड से हमला कर दिया था, जिसमें सूरज को गंभीर चोटे आई थी। उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती किया था जहां उसने बुधवार की रात को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसको लेकर गुरुवार की सुबह सूरज साहू के परिवारजन, रिश्तेदार एवं आप पार्टी के नेता व सदस्य मृतक के परिवार वालों को 50 लाख रुपए सहायता राशि, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर धरना दिया था। इस दौरान एसडीएम, सीएसपी, तहसीलदार को ज्ञापन सौपा गया था।
सुबह भी सैकड़ों की तादाद में लोग पटेल चौक के किनारे पंडाल लगाकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। आप पार्टी के आरटीआई विंग प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह ने कहा कि भिलाई और दुर्ग में नियम कानून अलग-अलग नहीं हो सकता। जब भिलाई में हुए एक हत्याकांड में मृतक के परिवार वालों को 50 लाख रुपए एवं नौकरी प्रदान की गई है तो दुर्ग में हुए इस हत्याकांड में परिवार वालों की मांग क्यों पूरी नहीं की जा सकती।
दो फरार आरोपियों को भी पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। मेहरबान सिंह ने कहा कि 10 लोग आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए है। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। शनिवार को मृतक का शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।