दुर्ग

घायल युवक की मौत, परिजनों व आप पार्टी ने दिया धरना
22-Sep-2023 2:55 PM
घायल युवक की मौत, परिजनों व आप पार्टी ने दिया धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 सितम्बर। मारपीट की घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने शंकराचार्य अस्पताल में बीती रात दम तोड़ दिया। इस मामले में घटना के बाद ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस ने जेल भेज दिया था।

बुधवार की रात सूरज की मौत के बाद गुरुवार की दोपहर को मृतक के परिजनों ,रिश्तेदारों, मोहल्ले वासियों ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में सहायता राशि की मांग को लेकर गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन व धरना दिया। उनकी मांग थी कि जिस तरह भिलाई में हुए हत्याकांड में मृतक के परिवार वालों को लाखों रुपए की सहायता राशि दी गई है।

उसी तरह  सहायता राशि मृतक सूरज साहू के परिवार वालों को भी मिलना चाहिए। गांधी चौक पर प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग से परिवर्तन यात्रा रैली निकाली इस दौरान मृतक की मां परिवर्तन यात्रा की रैली में कर के सामने आकर बीच रोड पर लेट गई और मांग पूरी करने की विनती करने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह मृतक की मां को कार के सामने से हटाया। चौक पर धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों को मौके पर पहुंची पुलिस ने किनारे हटाया। देर शाम तक विरोध प्रदर्शन चला रहा। मौके पर सैकड़ों लोग आम आदमी पार्टी के प्रमुख डॉ.एस के अग्रवाल, हरचरण सिंह ,मेहरबान सिंह के नेतृत्व में मौजूद रहे। मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक मणीशंकर चंद्रा, कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।

12 सितंबर की सुबह  आरोपियों चंद्रकांत साहू, छोटू गुप्ता एवं गोपाल गुप्ता ने सूरज साहू 29 वर्ष निवासी वार्ड नंबर एक नया पारा को घर से बाहर बुलाया और पुरानी बात को लेकर डंडे एवं हाथ मुक्के से जमकर मारपीट की। इससे तीन बच्चों के पिता सूरज साहू को गंभीर चोटे आई थी और उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी स्थिति को देखते हुए शंकराचार्य अस्पताल में ले जाकर भर्ती किया गया था। बुधवार की रात को इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई।

आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में मृतक के परिवार वाले, मोहल्लेवासी गांधी चौक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और मृतक की पत्नी को 50 लाख रुपये की सहायता राशि, नौकरी तथा बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम सरकार द्वारा किए जाने एवं क्रियाकर्म करने के लिए त्वरित रूप से 10 लाख रुपए दिए जाने की मांग की। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा। चौक पर मृतक की मां ,पत्नी, आम आदमी पार्टी के प्रमुख डॉक्टर एस के अग्रवाल, हरचरण सिंह ,मेहरबान सिंह, के ज्योति ,सुमित शर्मा, अमृत, मनप्रीत सिंह, देवेंद्र, मानिकचंद ,रवि साहू सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। डॉ एसके अग्रवाल एवं मेहरबान सिंह ने बताया कि हमारी मांगों को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक तहसीलदार एवं एसडीएम को जानकारी दे दी गई है। उन्हें ज्ञापन सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की घटना भिलाई खुर्सीपार में हो चुकी है जिसमें मृतक के परिवार वालों को लाखों रुपए की सहायता राशि व मृतक की पत्नी को नौकरी देने का वादा किया गया है। इसी तरह की स्थिति इस मामले में भी बनी हुई है। हमारी मांगों को भी जल्द ही पूरा किया जाना चाहिए। मेहरबान सिंह ने कहा कि एक आरोपी की मां चमेली साहू भाजपा की वार्ड पार्षद है और उसके दोनों पुत्र क्षेत्र में अवैध कार्य में लिप्त है। मृतक के शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।


अन्य पोस्ट