दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 सितम्बर। मारपीट कर युवक की निर्मम हत्या कर देने वाले आठ आरोपियों को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश शैलेश कुमार तिवारी की कोर्ट ने आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मोहम्मद अरशद खान ने पैरवी की थी।
शैलेश यादव जूते का व्यवसाय करता था। उसने आरोपी राज मिश्रा से 50 हजार उधारी के रूप में लिए था, जिसका वह ब्याज भी देता था। समय पर रकम नहीं लौटा पाने से राज मिश्रा शैलेश से नाराज था।10 मार्च 2020 होली की दोपहर को आरोपी राज मिश्रा ने शैलेश को फोन करके कहा कि वह रंग खेलने के लिए कैंप एक में आंध्र पाठशाला के पास पहुंचें। जब शैलेश वहां पहुंचा तब आरोपी राज मिश्रा अपनी कार से उतरकर शैलेश यादव के पास आया और अपने रकम की मांग करने लगा। इसके बाद विवाद होने पर राज मिश्रा के अन्य साथी सुनील गुप्ता, गोपी राव, राम कुबेर गुप्ता, मुनीर गुप्ता, रमेश जांगड़े ,सोमनाथ उर्फ अक्षय एवं ऋषभ पासवान भी पहुंच गए और शैलेश यादव के साथ लोहे की राड, लाठी एवं डंडे से जमकर मारपीट की। इससे शैलेश यादव बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस पर राज मिश्रा ने अपनी कार में आरोपियों को बैठाया और गाड़ी को रिवर्स करके बेहोश पड़े शैलेश यादव के ऊपर चढ़ा दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 148, 149, 302 के तहत अपराध दर्ज किया था। कोर्ट ने सभी को सजा दी है।