दुर्ग

बीएसपी के पीसीबी प्लांट में डकैती
22-Sep-2023 1:04 PM
बीएसपी के पीसीबी प्लांट में डकैती

 सुरक्षा गार्ड को बंधक बना हथियारबंद आधा दर्जन आरोपी ले गए 400 किलो तांबा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 22 सितंबर। भिलाई स्टील प्लांट में बंदूक की नोक पर सुरक्षा गार्ड को बंधक बना हथियारबंद डकैत 400 किलो तांबा लेकर भाग निकले हैं। पीसीबी प्लांट में डकैती करने लगभग आधा दर्जन आरोपी पहुंचे थे, जिनके संबंध में पुलिस पतासाजी में जुट गई है।

पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि भिलाई-3 के नजदीक स्टोर पारा पुरैना स्थित बीएसपी के पीसीबी प्लांट में घटना को अंजाम दिया गया है। छ: से सात हथियारबंद बदमाशों ने रात के अंतिम पहर में यहां धावा बोला। डकैत अपने साथ करीब तीन लाख रुपए का तांबा ले गए हैं। मामले की शिकायत भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की ओर से पुलिस अधीक्षक दुर्ग को की गई है।

बताया जाता है कि 18 सितंबर को पीसीबी प्लांट में हथियारबंद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। रात के अंतिम पहर साढ़े तीन बजे करीब 6-7 बदमाश आग्नेय अस्त्रों और लोहे की रॉड के साथ बाउंड्री वाल फांदकर पीसीबी प्लांट परिसर में घुसे। पीसीबी प्लांट में उस समय कुल 5 निजी सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर थे। बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों को बंदूक की नोक पर धमकाया और सभी दरवाजों के ताले और शीशे तोडऩे शुरू कर दिए। अंत में वे उस कमरे में दाखिल हुए जहां तांबा रखा हुआ था। वे लगभग 400 किलोग्राम तांबा सामग्री जिसकी कीमत तीन लाख के करीब है, लेकर भाग गए। सुबह लगभग 4 बजे परिसर से बाहर निकलने के बाद सुरक्षा गार्ड ने घटना की जानकारी बीएसपी अधिकारियों को दी। घटना की सूचना 20 सितंबर को पुरानी भिलाई थाना को दे दी गई है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा को भी वारदात की जानकारी दे दी गई है। 

गौरतलब हो कि पर्यावरण और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफ और सीसी), स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसएआईएल) और संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूएनआईडीओ) ने संयुक्त रूप से भिलाई स्टील प्लांट में राष्ट्रीय स्तर की पीसीबी प्रबंधन और निपटान सुविधा लागू करने की पहल की है। इस परियोजना के तहत सेल के इस्पात संयंत्रों और देश के अन्य विद्युत प्रतिष्ठानों में ट्रांसफार्मरों में मौजूद पीसीबी (पॉली काइरो बाइफिनाइल) को भिलाई में एक स्थिर सुविधा स्थापित कर उचित प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए उचित प्रौद्योगिकी का उपयोग करके नष्ट करने का प्रस्ताव है। यह परियोजना राष्ट्रीय महत्व की है और इसमें प्रगति हो रही है। एमओईएफ एवं सीसी और अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा लगातार इसकी निगरानी की जा रही है। 

भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा स्टोर पारा पुरैना में पीसीबी प्लांट की कमीशनिंग जुलाई 2023 में पूरी हो गई है और पीजी परीक्षण चल रहे हैं। वर्तमान में 12 बीएसपी के कर्मचारी और यूएनआईडीओ द्वारा नियुक्त प्रौद्योगिकी विक्रेता के 7 कर्मचारी आपूर्ति व स्थापना में शामिल हैं। पीसीबी संयंत्र की कमीशनिंग पीसीबी प्रक्रिया में ट्रांसफार्मर निराकरण और परिशोधन इकाई, बॉयलर सेक्शन और प्लाज़्मा डिस्ट्रक्शन यूनिट आदि शामिल है। ये सभी उपकरण बहुत उच्च मूल्य के होने के साथ ही बहुत संवेदनशील हैं। ट्रांसफॉर्मर के निराकरण और उपचार के दौरान मूल्यवान तांबा और अन्य सामग्री उत्पन्न होती है। उपचार प्रक्रिया के बाद उत्पादित तांबे की खपत भिलाई इस्पात संयंत्र में आंतरिक रूप से की जाती है। प्लांट की 24 घंटे निगरानी के लिए बीएसपी ने नवंबर 2022 से निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।


अन्य पोस्ट