दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 सितंबर। कल सुबह बसंत टॉकीज के पास एक होटल में चाय पी रहे बीएसपी में ठेका श्रमिक को डरा धमका आरोपी जबरन शराब पीने के लिए रूपये मांगने लगा और श्रमिक के मना करने पर उसे आरोपी ने रंगदारी दिखाते हुए बांस के डंडे से जमकर पीटा। आस पास लोग श्रमिक को अकारण पिटते देख जब बीच-बचाव करने आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला।
मामला छावनी थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित बसंत टॉकीज के ठीक बगल में स्थित लखन होटल का है।
पुलिस ने बताया कि 46 वर्षीय जगतवीर सिंह परिहार निवासी बसंत टाकिज के पीछे, चंदन किराना स्टोर्स के बाजू में प्रगति नगर, वार्ड नं 30 भिलाई बीएसपी में ठेका श्रमिक है। वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे ड्यूटी के लिए निकला और बसंत टॉकीज के सामने जीई रोड किनारे लखन होटल पर चाय पी रहा था, तभी वहां मुबारक अली आया और शराब पीने के लिए रूपये मांगने लगा।
जगतवीर ने कहा उसके पास पैसा नहीं है तो मुबारक जबरदस्ती कही से भी पैसा ला बोलते हुए उसे गालियां दे जान से मार दूंगा कहते हुए हाथ मुक्का एवं अपने पास रखे बांस के डण्डे से मारपीट करने लगा। मारपीट से जगतवीर के बाएं हाथ के पंजे, कोहनी और पीठ में चोट आई है। सरजीत सिंह और कौशल किशोर सिंह के बीच-बचाव पर मुबारक वहां से भाग निकला। जगतवीर की रिपोर्ट पर आरोपी मुबारक के खिलाफ धारा 294, 323, 327 और 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।