दुर्ग

पीडि़ता से ससुराल वालों ने की मारपीट, अपराध दर्ज
16-Sep-2023 4:35 PM
पीडि़ता से ससुराल वालों ने की मारपीट, अपराध दर्ज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दुर्ग, 16 सितंबर। विवाह के बाद से ही पति एवं ससुर शराब का सेवन कर पीडि़ता को शारीरिक व मानसिक रूप से लगातार प्रताडि़त करते रहे। इसके बाद पीडि़ता से बच्चा नहीं होने की बात को लेकर मारपीट की गई और उसे ससुराल से निकाल दिया गया। पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता के पति ,ससुर व सास के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।


अप्रैल 2017 में चरोदा भिलाई निवासी पीडि़ता का विवाह धर्मेश मन्नेवार पिता शिवप्रसाद मान्नेवार निवासी ग्राम अमलडीह, पोस्ट उमरेली, जिला कोरबा के साथ सामाजिक रीति रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के अवसर पर पीडि़ता के माता-पिता ने अपने हैसियत के अनुसार सोने चांदी के जेवर, घरेलू सामान तथा नगद 10000 रुपए उपहार स्वरूप दिए थे ।


शादी के बाद लगभग पांच माह तक सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद उसका पति धर्मेश आए दिन शराब पीकर घर आता था और पीडि़ता के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करता था। पीडि़ता का ससुर शिव प्रसाद  एवं सौतेली सास लखेश्वरी दोनों पति का ही साथ देते थे। आए दिन छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद पति आए दिन बाहर रहने लगा एवं हर बार वह किसी काम का बहाना बना देता था। बाद में पीडि़ता को पता चला कि उसके पति का अन्य किसी महिला से संबंध है। शादी के 3 साल के बाद भी पीडि़ता को बच्चा नहीं होने पर ससुर, सास ,पति उसे ही दोष देकर गाली गलौज कर मारपीट करते थे एवं दूसरी शादी कर लेने की धमकी पति द्वारा दी जाती थी।


बाद में पीडि़ता को जानकारी हुई कि उसके पति में ही कमी है जिसको लेकर उसका इलाज भी किया गया परंतु शराब के सेवन के कारण दवा का भी असर नहीं हुआ। मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त होने पर जब पीडि़ता की तबीयत खराब होने लगी तब उसके पिता उसे 29 मई 2023 को अपने मायके लेकर आए। इलाज होने के बाद जब उसके पिता ससुराल छोडऩे गए तब पति एवं ससुराल वालों ने पिता के सामने ही पीडि़ता से गाली गलौज कर मारपीट की। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे रखने से इंकार कर दिया। मायके में रह रही पीडि़ता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

 


अन्य पोस्ट