दुर्ग

विश्वनाथ कॉलेज में एकाग्र रमाकांत का आयोजन
15-Sep-2023 4:14 PM
विश्वनाथ कॉलेज में एकाग्र रमाकांत का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 सितंबर। हिन्दी दिवस के अवसर पर साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन और हिन्दी विभाग, शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में एकाग्र रमाकांत श्रीवास्तव पर दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र का संचालन करते हुए साहित्य अकादमी के अध्यक्ष ईश्वर सिंह दोस्त ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समकालीन रचनाकारों पर महत्वपूर्ण चर्चा हमारी योजना में है। इसी के तहत हम लगातार रायपुर और छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में समकालीन रचनाकारों पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित कर रहे है।

बीज वक्तव्य देते हुए वरिष्ठ कथाकार शशांक ने कहा कि रमाकांत जी की कहानियां नयी कहानी के दौर से दिखायी देती है। उनकी कहानियों में हमें विद्रोह की आकांक्षा अथवा स्वप्न दिखायी पड़ता है, वे अपनी कहानियों में लोक गाथाओं से पृष्ठभूमि लेकर कथा रचते है। उनकी कहानियां अपने समय को प्रतिबिम्बित करती हुई युगबोध का दर्शन कराती है। अध्यक्षीय वक्तव्य देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एन. सिंह ने कहा कि हिन्दी दिवस के अवसर आज के समय के महत्वपूर्ण रचनाकार रमाकांत श्रीवास्तव पर आयोजन हमारे लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने युवाओं को वरिष्ठ साहित्यकारों से सांस्कारिक प्रोत्साहन का भी आह्वान किया। उद्घाटन सत्र का आभार ज्ञापन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. अभिनेष सुराना ने किया।

रमाकांत श्रीवास्तव का कथा संसार पर चर्चा करते हुए प्रभुनारायण वर्मा ने कहा कि वस्तुत: कथा भूमि की तलाष रमाकांत के रचनात्मक विकास की तलाष है। एक दृष्टि सम्पन्न कथाकार किसी भी विषय को कहानी का कथानक बना सकता है। रमाकांत की कहानियों में एक खास वैज्ञानिक और जनवादी दृष्टि है। उनकी कहानियों में मानवीय संबंध, आत्मीय संबंध, हमारे आसपास का परिवेष अपनी पूरी रंगत से मौजूद है। वे अपनी कहानियों में जनपक्षधरता की रक्षा अपना उत्तरदायित्व समझते है।

दुर्ग के वरिष्ठ साहित्यकार महावीर अग्रवाल ने रमाकांत जी से अपने पांच दशकों की आत्मीय और पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए उनकी रचना प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज भी वे रमाकांत जी से सीखते रहते है। उनकी कथाओं में निम्न मध्यम वर्ग के जीवन संघर्ष और स्वप्न यथार्थ की चिंता मुख्य विषय होते हैं।

मुकेश वर्मा ने कहा कि हम कोई भी घटना देखते है, और भूल जाते है, लेकिन लेखक भूलता नही है। वह उसके मस्तिष्क में संचित हो जाता है, और वही से उसके लिए कथा का बीजारोपण होता है। उनकी कहानियों का हर पात्र दूसरे पात्र से अलग और अनूठा होता है, जो धीर-धीरे हमारे भीतर जगह बनाता जाता है। उनकी कहानियों में भंगिमाओं का चित्रण भी विलक्षण है। सत्र का संचालन करते हुए बसंत त्रिपाठी ने उनकी रचनाओं में आमजन की मुश्किलों एवं अभिजन का विरोध रेखांकित किया।

वरिष्ठ आलोचक नीरज खरे ने कहा कि कहानी की रचना कहानीकार के अनुभव जगत सेे उभरती है। रमाकांत की कहानियों के भीतर एक सर्जनात्मक सौंदर्य है। उनकी कहानियों में एक कठोर व्यंग्य और विनोद भी दिखायी देता है। वरिष्ठ आलोचक जयप्रकाश ने कहा कि कोई भी लेखक अंतत: अपने समय को लिखता है। रमाकांत का लेखन अपने समय का लंबा आख्यान है। वे आज भी लगातार अपने समय और समाज को लिख रहे है। उनकी कहानियों में हमें कमजोर और शक्तिशाली वर्ग का संघर्ष दिखायी पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि रमाकांत के पास जो भाषा है, वह हिन्दी के किसी और कहानीकार के पास नहीं है।

इस अवसर पर रमाकंात श्रीवास्तव का कथा संसार के अंतर्गत समकालीनता से साक्षात्कार की कथा विधि पर विनोद साव, आनंद बहादुर, दिनेश भट्ट और कैलाश वनवासी ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किये। रमाकांत की कहानियों में मुख्य रूप से किस्सागो है। उनके पात्रों में उनकी जनपक्षधरता रह रहकर झलकती है। उनकी कहानियां इसीलिए आज भी ताजा है, क्योंकि उसमें आम आदमी का जीवन संघर्ष है और किस्सागोई है, इस दृष्टि से ग्रामीण भारत के परिवेश पर केन्द्रित उनकी चैम्पियन कहानी कालजयी है। अंत में कथाकार रमाकांत श्रीवास्तव ने अपनी कहानी का पाठ भी किया।

आयोजन में हिन्दी विभाग के समस्त प्राध्यापकगण, महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण, शोधार्थी, छात्र-छात्राऐं, सुधी पाठकगण एवं दुर्ग भिलाई के साहित्यकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट