दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 सितंबर। बायोमेट्रिक्स आधारित धान खरीदी व्यवस्था के विरोध में अब किसान संगठन भी आगे आ गए है प्रगतिशील किसान संगठन ने धान खरीदी के लिए बायोमेट्रिक अनिवार्य किए जाने को किसानों का अपमान बताया है वहीं राज्य सरकार बायोमेट्रिक्स अनिवार्य न करने पहले ही केन्द्र सरकार को पत्र लिख चुकी है।
बना किसानों के लिएपरे शानी का कारण
छ्ग प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त का कहना है कि मोदी सरकार ने इस खरीफ वर्ष में धान की खरीद करने के लिए किसानों के बायोमेट्रिक पहचान को अनिवार्य बना दिया है, जो छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है अनेक किसानों के अंगुली के निशान का मिलान नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण वे भटक रहे हैं।
भाजपा और कांग्रेस सरकारों के 20 से अधिक सालों से धान की सरकारी खरीद हो रही है मोदी सरकार बताए कि उनमें क्या खामियां थीं, जो किसानों के बायोमेट्रिक पहचान को धान बेचने के लिए अनिवार्य बना दिया है? छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने मोदी सरकार को निशाने में लेते हुए आरोप लगाया है कि वह धान खरीदी के लिए बायोमेट्रिक पहचान को अनिवार्य बना के किसानों को अपमानित कर रही है।
किसान संगठन का कहना है कि ऐसा लगता है कि किसानों के एक साल से अधिक चले आंदोलन के बाद तीन कृषि कानून को वापस लेने पर मजबूर होने के अपमान का किसानों से बदला ले रही है। वर्ष 2014 में जब से केंद्र में मोदी जी की सरकार बनी है तब से किसान सरकार के निशाने पर है, पहले धान खरीदी पर बोनस बंद किया, छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी को कम करके 10 क्विंटल करने का प्रयास किया,फिर भूमि अधिग्रहण कानून 2013 में बदलाव करने का प्रयास किया।
3 कृषि कानून लागू करने की कोशिश किया, स्वामीनाथन आयोग की अनुसंशा के अनुसार कृषि उपजों के न्यूनतम निर्धारित करने और किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा पूरा नहीं किया, न्यूनतम गारंटी मूल्य कानून बनाने के मामले में किसानों से छल किया और अब धान खरीदी के लिए बायोमेट्रिक पहचान को अनिवार्य बना के किसानों को परेशान कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने धान खरीदी के लिए बायोमेट्रिक पहचान की अनिवार्यता समाप्त करने और राज्य से 86 लाख टन चांवल की खरीद करने की मांग मोदी सरकार से किया है।
जब तक सिस्टम दुरुस्त न हो विकल्प जरूरी
संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है बायोमेट्रिक्स अनिवार्य करने से जिन किसानों का आधार अपडेट नहीं हुआ है उनका क्या होगा नामिनी को लेकर भी दिक्कत आ सकती है।
तकनीकी कारण से भी मुश्किल हो सकती ऐसी स्थिति में किसान परेशान न हो इसके लिए जबतक सिस्टम दुरुस्त न हो तब तक छूट देते हुए विकल्प जरूरी है।
कृषक रवि ताम्रकार का कहना है किसानों का आधार लिंक है, भुइंया पोर्टल से रकबा का भी सत्यापन किया जाता है वहीं भुगतान भी किसान के खाते में आन लाइन होता है। ऐसे में बायोमेट्रिक्स अनिवार्य किए जाने से किसानों एवं समिति दोनों के लिए दिक्कत होगी।
भाजपा सांसदों को भी किसान हित में केन्द्र को लिखा जाना चाहिए पत्र - राजेन्द्र
जिला सहकारी बैंक दुर्ग के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू का कहना है कि धान खरीदी में बायोमेट्रिक्स अनिवार्य किए जाने से किसानों के समक्ष कई प्रकार की दिक्कतें आएंगी इससे धान खरीदी प्रभावित होने पर किसान परेशान होंगे।
इसे देखते हुए राज्य मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार को इसमें छूट देने की मांग को लेकर पत्र लिखे हैं राज्य भाजपा सांसदों को किसान हित को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार को इसमें छूट देने पत्र लिखा जाना चाहिए।