दुर्ग

शादीशुदा प्रेमी ने की थी हत्या, गिरफ्तार
13-Sep-2023 3:14 PM
शादीशुदा प्रेमी ने की थी हत्या, गिरफ्तार

 पत्नी ने समझाया, नहीं मानी तो पति से कहा था- दोनों में से एक को चुनो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई/भिलाई नगर, 13 सितंबर। दुर्ग जिला में एक महिला की ब्लेड से गला काटकर उसके ही शादीशुदा प्रेमी ने हत्या कर दी। आरोपी की पत्नी उसके नाजायज संबंधों के चलते मायके चली गई थी, इसके बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका को खुद से दूर करने का प्रयास किया, लेकिन महिला नहीं मानी तो उसे मार डाला। इसके बाद शव को फेंककर भाग निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि 12 सितंबर की सुबह उतई क्षेत्र के करगाडीह महुआरी भाठा के पास एक महिला का शव मिला था। उसकी पहचान बाबा पारा आदर्श नगर उतई निवासी जमुना बाई गोस्वामी के रूप में हुई। उसका गला घोंटकर धारदार हथियार से काटा गया था। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।

पुलिस की जांच में पता चला कि जमुना बाई का पिछले दो सालों से यशवंत साहू से प्रेम संबंध है।

 पुरई निवासी यशवंत ठेकेदारी का काम करता है और जमुना भी उसी के पास लेबर का काम करती थी। पुलिस ने जब यशवंत के गांव पहुंची तो पता चला कि वो घटना वाले दिन से गायब है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की तो उसने जमुना की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

यशवंत साहू ने पुलिस को बताया कि जमुना से उसका परिचय 3-4 साल पहले हुए था। जमुना उसके साथ 2 सालों से मजदूरी करती थी। इसी बीच दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। दोनों के अवैध संबंध के बारे में यशवंत की पत्नी भी जान चुकी थी। एक साल पहले वह यशवंत की साइट पर पहुंची और जमुना को समझाया कि वो उसका घर बर्बाद न करें। इसके बाद भी जमुना ने यशवंत को नहीं छोड़ा।

नाराज होकर दामिनी अपने मायके चली गई थी। यशवंत उसे लेने गया तो उसने साफ कह दिया कि या तो वो जमुना के साथ रहे या फिर उसके साथ। उसे दो में से एक को चुनना होगा। इसके बाद से यशवंत काफी परेशान रहने लगा था। यशवंत जमुना को छोडऩा चाहता था, लेकिन वो उसे नहीं छोड़ रही थी। बार-बार यशवंत को फोन करती और मिलने की जिद करके खर्च के लिए रुपए मांगती थी।

परेशान होकर यशवंत ने जमुना की हत्या की साजिश रची।  उसने तीन-चार दिन पहले बाजार से ब्लेड खरीद लिया था। इस बीच 11 सितंबर को शाम 7 बजे जमुना ने यशवंत को मिलने के लिए महुआरी भाठा करगाडीह मिल के पीछे बुलाया। यशवंत घर से पैदल पहुंचा तो जमुना खेत के मेड में बैठी थी। थोड़ी देर बाद जमुना उससे खर्च के लिए 4 हजार रुपए मांगने लगी। यशवंत ने पैसा न होने की बात कही तो जमुना उससे झगड़ा शुरू कर दिया। यशवंत पहले ही उसकी हत्या का मन बना चुका था।   उसने चुन्नी से जमुना का गला दबा दिया। जब जमुना बेहोश होकर गिर गई तो उसे घसीट कर किनारे ले गया और ब्लेड से उसका गला काट दिया। हत्या करते समय जमुना ने बचने की कोशिश में आरोपी के चेहरे को नोच दिया था।  आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से कुछ दूर से ब्लेड भी बरामद कर लिया गया। आरोपी ने खून सना हाथ मृतका के दुपट्टे में पोछा था, उसके भी निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 


अन्य पोस्ट