दुर्ग

आमरण अनशन पर बैठे नेत्रहीन वृद्ध को अफसर ने आश्वासन दे घर भेजा, लेकिन नहीं टूटा अनशन
12-Sep-2023 2:55 PM
 आमरण अनशन पर बैठे नेत्रहीन वृद्ध को अफसर ने आश्वासन दे घर भेजा, लेकिन नहीं टूटा अनशन

आज फिर भूखे पेट टॉकीज में बैठा पी रामू, कहा- प्रशासन का मान रखने घर गया था, अब बिना अपने रुपए लिए नहीं उठूंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 11 सितंबर। भिलाई के सिनेमा हॉल में कल पिछले 10 घंटे से बिना अन्न ग्रहण किए थिएटर प्रांगण में 68 साल के नेत्रहीन को आमरण अनशन करता देख नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मंगलवार को एसडीएम के समक्ष उसे अवश्य न्याय दिलाने का आश्वासन दे घर भिजवाया।

 ज्ञात हो कि कल जिला और पुलिस प्रशासन नेत्रहीन वृद्ध की मान मनौव्वल में जितना तत्पर दिखाई पड़ा, उसके घर लौटते ही पूरा मैटर मानो भूला दिया गया। नतीजतन घर पर कल से भूखा बैठा बुजुर्ग आज पुलिस, जिला प्रशासन की बाट जोहता आज दोपहर फिर टाकीज परिसर में आमरण अनशन जारी रखने विवश हो बैठ गया है।

पी रामू कहना है कि जब तक उनके 30 लाख रूपये नहीं मिल जाते वो अन्न ग्रहण नहीं करेंगे और न ही अनशन तोड़ेंगे। उन्होंने इसकी सूचना 6 सितंबर को ही कलेक्टर दुर्ग और पुलिस अधीक्षक को दी हुई है।

गौरतलब हो कि दुर्ग जिले के भिलाई स्थित वेंकटेश्वर सिनेमा हाल में कल पिछले 10 घंटे से 68 वर्ष का एक नेत्रहीन अन्न त्याग कर अनशन पर बैठा था। उसका आरोप है कि वेंकटेश्वर ग्रुप के संचालकों ने उससे 6 वर्ष पूर्व अलग-अलग समय बिजऩेस के नाम पर 30 लाख रूपये एक वर्ष के लिए मांगे और रूपये लौटाने की बजाय लगातार उसे डेट पर डेट देते रहे हैं।

जानकारी मिली है कि सिनेमाघर के प्रबंधक राजेश्वर राव उर्फ राजा बाबू ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र भिलाई निवासी पी. रामू (68 वर्ष) से सिनेमा व्यवसाय के लिए 4 से 5 लाख रूपये किश्त के रूप में कुल 30 लाख रूपये लिए। इस बीच कुछ रूपये मुनाफा के नाम पर दिए और फिर वापस भी ले लिया गया। बाद में जानकारी मिली कि राजेश्वर राव टाकीज के संचालक या मालिक नहीं हैं जबकि रूपये की सुरक्षा के मद्देनजर रामू को दिए गए अलग अलग चेक वेंकटेश्वर सिनेमा हॉल ग्रुप के नाम पर दिए गए हैं।

पी रामू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उनकी पत्नी की 2021 में कोरोना से मृत्यु हो गई, वे स्वयं कोरोना पॉजि़टिव थे, उपचार के लिए रूपये नहीं थे तब भी वेंकटेश्वर ग्रुप उनके रूपये लौटाने के नाम पर हीला हवाला करता रहा। अंतत: बेटी की पढ़ाई में फीस के लिए रामू को अपना घर बेचना पड़ा। उनकी दोनों बेटियां वर्तमान में कॉलेज की छात्राएं हैं, एक बेटी एमबीए और दूसरी बीएससी स्टूडेंट हैं।

रामू का कहना है -मेरे साथ धोखा हुआ है मैनेजर और केयरटेकर राजेश्वर राव ने पिछले महीने भी उन्हें 30 लाख का चेक देते हुए 11 अगस्त 2023 को रूपये लौटाने का वायदा किया, पर यह तारीख भी निकल गई और एक रुपए भी नहीं दिए।

कल कलेक्टर के निर्देश पर नेत्रहीन वृद्ध को मनाने जिला प्रशासन से नायब तहसीलदार श्यामलाल साहू सुपेला पहुंचे और अनशन पर बैठे पी रामू से अनशन समाप्त कर घर जाने की समझाइश दी। पी. रामू ने स्पष्ट किया कि 6 सितंबर को जिले के कलेक्टर और एसपी को उन्होंने लिखित आवेदन देकर 11 सितंबर से 11 बजे अनशन पर बैठने की जानकारी दी थी, इसलिए उसे अनशन खत्म करने का दबाव न बनाया जाए।  एसपी-कलेक्टर को आवेदन देने के बाद वह अनशन पर बैठा है। अगर गैरकानूनी हो तो जेल में डाल दीजिए। रामू ने स्पष्ट किया कि वो यहीं सिनेमा हाल परिसर में ही आराम से है। उसे भोजन ग्रहण नहीं करना है। पी. रामू की जिद के आगे सुपेला पुलिस और प्रशासन मान मनौव्वल में जुटा रहा।

टॉकीज के कर्मचारियों ने बताया कि मैनेजर राजेश्वर राव का निवास सेक्टर-1 भिलाई में है और वेंकटेश्वर सिनेमा हॉल गु्रुप के सभी संचालक विशाखापट्टनम में रहते हैं।

सोमवार की रात 10 बजे वेंकटेश्वर टॉकीज में लगातार 3 घंटे तक नायब तहसीलदार श्यामलाल साहू के समझाइए एवं कल न्यायालय में फैसला किये जाने के आश्वासन के बाद आमरण अनशन कर रहे पी. रामू  देर रात 11 बजे अपने घर लौटने को तैयार हुए।

जिला प्रशासन की मध्यस्थता के बाद न्यायालय में दोनों पक्षों की उपस्थिति में 12 सितंबर को इस पूरे मामले का निर्णय होगा, ऐसा कहा गया था। अनशनरत पी. रामू ने कहा कि निर्णय उसके पक्ष में नहीं होने पर पुन: वह वेंकटेश्वर टॉकीज में ही अनशन जारी रखेगा। कल रात घर लौटने पर भी उसका अन्न त्याग कायम रहा। कल रात जिला प्रशासन की ओर से पहुंचे नायब तहसीलदार श्याम लाल साहू ने समस्या का निराकरण या समाधान करने की बजाय किसी भी परिस्थिति में केवल दिव्यांग पी. रामू के आंदोलन को समाप्त करवाने में ज्यादा रुचि दिखाई और इस पर वह सफल भी हुए। कल उनके द्वारा दिव्यांग वृद्ध का आंदोलन स्थगित करवा जरूर दिया गया मगर देर रात घर लौटे नेत्रहीन रामू ने अन्न ग्रहण नहीं किया है।

आज मध्यांह 3 बजे फिर सिनेमा हाल पहुंचे पी रामू ने बताया कि सुबह से दोपहर तक न तो पुलिस ने फोन कर उन्हें आना कहां है बताया और न ही प्रशासन ने कोई संदेश दिया है नतीजतन अब वो फिर वेंकटेश्वर टाकीज में ही क्रमिक अनशन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखेंगे।


अन्य पोस्ट