दुर्ग

बेलगाम रफ्तार से शराबी दौड़ा रहे थे कार
11-Sep-2023 3:42 PM
बेलगाम रफ्तार से शराबी दौड़ा रहे थे कार

चौराहे के घेरे को तोड़ते स्तंभ से जा टकराई, तीन घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 11 सितंबर। बीती रात एक कार बेलगाम रफ्तार से आई और 7-8 फीट हवा में उछलकर सेक्टर 8 चौक के घेरे को तोड़ते हुए घुस गई। कार में सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। कार सवार नशे में थे और बेलगाम रफ्तार से उनकी कार चौराहे की बेरिकेडिंग तोड़ती हुई चौक स्तंभ से जा टकराई। भिलाई नगर पुलिस कार को जब्त कर मामले की जांच कर रही है।

भिलाई नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना कल देर रात लगभग डेढ़ बजे की है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 07 बीयू 3784 में तीन लोग सवार थे। कार ग्लोब चौक से काफी तेज गति से आई और अनकंट्रोल हो चौक से टकरा गई। कार चालक और उसके साथी नशे में थे और तेज गति के कारण चालक गाड़ी को कंट्रोल नहीं कर पाया। चौक से टकराते ही कार हवा में 7-8 फिट ऊंचाई तक उछली और लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए बड़े गोल चौक के अंदर जा घुसी। कार ने चौक के अंदर लगे फव्वारे को भी तोड़ दिया। सूचना पाकर जब तक भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंचती पीछे आ रही दूसरी कार के लडक़ों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक कार चालक शराब के नशे में था। कार किसी घनश्याम सिंह सेंगर के नाम पर रजिस्टर्ड है।


अन्य पोस्ट