दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 सितंबर। जिला न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष आए प्रकरणों का पक्षकारो के बीच आपसी राजीनामा से निपटारा किया गया। जिला उपभोक्ता आयोग में जीवन बीमा, बैंक के अलावा उपभोक्ता से संबंधित प्रकरण आए थे। इन प्रकरणों का जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष संतोष कुमार एवं आयोग की सदस्य नीलू ठाकुर द्वारा दोनों पक्षकार के आपसी राजीनामा के आधार पर निर्णय दिया गया।
जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य नीलू ठाकुर ने बताया कि एक प्रकरण में पुरानी खराब दी गई टीवी के बदले एजेंसी द्वारा लोक अदालत में उपस्थित होकर उपभोक्ता को 44 इंच की नई एलइडी टीवी प्रदान की गई। उपभोक्ता द्वारा खरीदी गई नई एक्टिवा स्कूटी खराब होने के कारण एजेंसी द्वारा उपभोक्ता को आपसी राजीनामा के आधार पर 55हजार रुपए प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री जीवन बीमा 12रूपए के प्रकरण में दो-ढाई लाख एवं 5 लाख के कई प्रकरण में क्लेम राशि बैंक एवं बीमा कंपनी के द्वारा बीमाधारक के उत्तराधिकारी को प्रदान किया गया। लोक अदालत में जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा लगभग 22लाख 46हजार रु की राशि विभिन्न प्रकरणों में राजीनामा के आधार पर पक्षकारों को दिलवाई गई।