दुर्ग

नेशनल लोक अदालत में 51449 मामले निराकृत
10-Sep-2023 4:19 PM
नेशनल लोक अदालत में 51449 मामले निराकृत

अवार्ड राशि 24 करोड़ 62 लाख 14 हजार 315 रूपए रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 सितंबर। कल जिला न्यायालय एवं तहसील व्यवहार न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसके तहत जिला न्यायालय दुर्ग, व्यवहार न्यायालय भिलाई-3, व्यवहार न्यायालय पाटन एवं व्यवहार न्यायालय धमधा तथा किशोर न्याय बोर्ड, श्रम न्यायालय, स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाऐं), राजस्व न्यायालय एवं उपभोक्ता फोरम दुर्ग में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।

नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ मॉं सरस्वती के तैलचित्र पर नीता यादव जिला न्यायाधीश दुर्ग द्वारा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवल कर प्रात: 10:30 बजे किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में सिराजुद्दीन कुरैशी प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय दुर्ग, शैलेश कुमार तिवारी, विशेष न्यायाधीश एस.सी./एस.टी. एक्ट दुर्ग,  संजीव कुमार टॉमक, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्ग के अलावा जिला अधिवक्ता संघ, दुर्ग की अध्यक्ष नीता जैन एवं अन्य पदाधिकारीगण, न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण तथा विभिन्न बैंक के प्रबंधक उपस्थित रहे। 

नेशनल लोक अदालत में कुल 32 खण्डपीठ का गठन किया गया। परिवार न्यायालय दुर्ग हेतु 02 खण्डपीठ, जिला न्यायालय दुर्ग हेतु 23, तहसील न्यायालय भिलाई-3 में 02 खण्डपीठ , तहसील पाटन हेतु 01 खण्डपीठ, तहसील न्यायालय धमधा में 01 खण्डपीठ, किशोर न्याय बोर्ड हेतु 01 श्रम न्यायालय हेतु 01 तथा स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाऐं) दुर्ग के लिए 01 खण्डपीठ का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त राजस्व न्यायालय में भी प्रकरण का निराकरण हेतु खण्डपीठ का गठन किया गया था।

उक्त नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य दाण्डिक, सिविल, परिवार, मोटर दुर्घटना दावा से संबंधित प्रकरण रखे गये तथा उनका निराकरण आपसी सुलह, समझौते के आधार पर किया गया। इसके अलावा बैकिंग/वित्तीय संस्था, विद्युत एवं दूरसंचार से संबंधित प्री-लिटिगेशन प्रकरणों (विवाद पूर्व प्रकरण) का निराकरण भी किया गया।

उक्त आयोजित नेशनल लोक अदालत का निरीक्षण कार्यपालक अध्यक्ष  न्यायमूर्ति  गौतम भादुड़ी न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा किया गया। माननीय न्यायमूर्ति के द्वारा न्यायालय परिसर में गठित खण्डपीठों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित पक्षकारों से रू-ब-रू हुये तथा नेशनल लोक अदालत से संबधित कार्यो का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी के साथ नीता यादव जिला न्यायाधीश दुर्ग,  शैलेश कुमार तिवारी, विशेष न्यायाधीश एस.सी./एस.टी. एक्ट दुर्ग आनंद प्रकाश वारियाल सदस्य सचिव छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर, संतोष ठाकुर, मुख्य न्यायिक मजिस्टेट दुर्ग तथा सचिव आशीष डहरिया के अलावा जिला अधिवक्ता संघ, दुर्ग की अध्यक्ष  नीता जैन एवं अन्य पदाधिकारीगण, न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

 न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी के द्वारा पत्रकारों से भी रू-ब-रू होते हुए उनके पूछे गये प्रश्नों का उत्तर दिया गया। 10 साल से उपर के मामलों के निराकरण नहीं होने के प्रश्नों के जवाब में माननीय न्यायमूर्ति के द्वारा कहा गया कि जैसे-जैसे जनसंख्या बढ़ती है वैसे-वैसे प्रकरणों की संख्या भी बढ़ती है जिस अनुपात में केस बढ़ता है उसकी तुलना में कोर्ट कम ही बने हुए हैं फिर भी पुराने मामलों का निराकरण किया जा रहा है। वहीं मामलों के निराकरण में पुलिस विभाग की भूमिका भी बड़ी है यदि पुलिस विभाग की ओर से कोर्ट के द्वारा जारी समंस/वारंट की तामिली अधिक संख्या में शीघ्रता से किये जावेंगे तो मामलें के निराकरण में शीघ्रता से वृद्धि होगी। माननीय न्यायमूर्ति के द्वारा आगे कहा गया कि  जिले में स्थायी लोक अदालत जनोपयोगी सेवाऐ भी कार्यरत है जिसमें प्रकरणों की सुनवाई का क्षेत्र विस्तृत है किन्तु उक्त लोक अदालत की जानकारी आम लोगों को कम होने से उक्त लोक अदालत में मामलें कम निराकृत होते हैं यहां मीडिया की भूमिक बड़ी हो जाती है कि संबंधित स्थायी लोक अदालत का वृहद पैमाने में आमजनों के बीच प्रचार प्रसार करें ताकि संबंधित लोक अदालत के बारे में तथा उक्त लोक अदालत में सुनवाई योग्य प्रकरणों की आम जनों को जानकारी हो सके । वर्तमान में सभी जिलों में लीगल एड डिफेंस कौंसिल की स्थापना हुई है पूर्व में पेनल अधिवक्ताओं के माध्यम से प्रकरणों के निपटारे का अपेक्षाकृत सफलता कम मिल रही थी इसलिए लीगल एड डिफेंस कौसिल सिस्टम की सभी जिलों में स्थापना की गयी है जिससे पक्षकारों को अच्छे अधिवक्ता मिलने के साथ ही प्रकरणों के निराकरण में भी शीघ्रता आयी है।

माननीय न्यायमूर्ति द्वारा लोक अदालत की महत्ता को बताते हुए कहा गया कि लोक अदालत में प्रकरण के निपटारे का अनुपात छत्तीसगढ़ राज्य में बहुत अच्छा है। लोक अदालत में दोनों पक्षकार खुश रहत हैं तथा राजीनामा होने से प्रकरण का शीघ्र निपटारा हो जाता है, इसमें न तो किसी की हार होती है और न ही किसी की जीत होती है।

नेशनल लोक अदालत के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जिला न्यायालय परिसर दुर्ग में ही ’’मतदाता सूची में नाम जुड़वाने’’ एक दिवसीय ’’जागरूकता शिविर’’ का आयोजन भी किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग जिनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं था उनके द्वारा अपने नाम ’’मतदाता सूची’’ में जुड़वाने का कार्य किया गया। उक्त आयोजित शिविर में बहुतायत संख्या में लोग लाभांवित हुए हैं।

वर्ष के इस तृतीय नेशनल लोक अदालत में कुल 4368 न्यायालयीन प्रकरण तथा कुल 47081 प्री-लिटिगेशन प्रकरण निराकृत हुए जिनमें कुल समझौता राशि 246214315/- रूपये रहा । निराकृत हुए प्रकरण में 548 दाण्डिक प्रकरण, क्लेम के 96 प्रकरण, पारिवारिक मामलें के 149 चेक अनादरण के 416 मामलें, व्यवहार वाद के 50 मामलें , किशोर न्याय बोर्ड के 21 मामलें श्रम न्यायालय के कुल 57 मामलें तथा स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाऐं) दुर्ग के कुल 537 मामलें निराकृत हुए।


अन्य पोस्ट