दुर्ग

बोलेरो समेत शिवनाथ में गिरी बच्ची की बेलौदी में मिली लाश
09-Sep-2023 2:45 PM
बोलेरो समेत शिवनाथ में गिरी बच्ची की बेलौदी में मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 सितंबर।
दुर्ग-राजनांदगांव मार्ग पर स्थित शिवनाथ नदी के पुराने पुल से 3 दिन पहले बोलेरो पिकअप वाहन समेत नदी में गिरे 5 लोगों में से लापता बच्ची गरिमा देशमुख (8) पिता गिरीश देशमुख कसारीडीह चौक दुर्ग निवासी का शव पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गोताखोरों की मदद से ग्राम बेलौदी से बरामद कर लिया है। 

इस हादसे में घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने बच्ची गरिमा की मां तामेश्वरी और उसकी बड़ी बहन यशलक्ष्मी (14) व छोटी बहन कुमुद देशमुख (3) के अलावा देशमुख परिवार के परिचित ललित साहू (31) सुभाष चौक बोरसी निवासी का शव शिवनाथ नदी से बरामद कर लिया गया था। लापता बच्ची गरिमा देशमुख का शव शुक्रवार को मिलने से पुलिस ने राहत की सांसे ली है। मृत बच्ची गरिमा देशमुख आदर्श कन्या विद्यालय दुर्ग में कक्षा 6वीं की छात्रा थी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 5 सितंबर मंगलवार की रात गरिमा देशमुख अपनी मां, दो बहनों और एक परिचित व्यक्ति के साथ देवादा स्थित केजीएन ढाबा से खाना खाकर बोलेरो पिकअप वाहन से दुर्ग की ओर आ रहे थे। इस दौरान शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर बोलेरो पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गहरे नदी में जा गिरी थी। हादसे के दूसरे दिन बुधवार की सुबह बोलेरो सवार 5 लोगों में से 4 लोगों का शव एसडीआरएफ व गोताखोरों की  संयुक्त टीम के प्रयास पर बरामद कर लिया गया था, लेकिन बोलेरो पिकअप वाहन में बच्ची गरिमा देशमुख का शव नहीं मिल पाया था। जिसकी शिवनाथ नदी में खोजबीन के लिए पिछले तीन दिनों से एसडीआरएफ व गोताखोरों की टीम लगी हुई थी, जिसमें शुक्रवार को गोताखोरों की टीम को सफलता मिली। गोताखोरों द्वारा लापता बच्ची गरिमा देशमुख का शव ग्राम बेलौदी से बरामद कर लिया गया है। इस हृदय विदारक घटना में मौत का शिकार बने ललित साहू बीएसपी में ठेकेदार के अधीनस्थ वाहन का चालक था। तामेश्वरी देशमुख गृहणी थी, जबकि उनकी बच्ची यशलक्ष्मी, गरिमा और कुमुद देशमुख क्रमश: कक्षा 7वीं, 6वीं और दूसरी की छात्रा थी। मृतका तामेश्वरी के पति गिरिश देशमुख सीएसएफ माना कैंप रायपुर में पदस्थ है। गिरिश मूलत: ग्राम सकरौद(गुण्डरदेही) का निवासी है। कसारीडीह में वह किराए के मकान में रहता है। बताया गया कि मृतक ललित साहू भी गिरिश देशमुख के गांव का था। जिसकी वजह से उसका गिरिश देशमुख के घर आना-जाना था। बहरहाल यह घटना दुर्घटना है या खुदकुशी का है। इन दोनों दिशाओं पर जांच के दौरान मृतका तामेश्वरी देशमुख द्वारा अपने पति के खिलाफ 4 माह पहले पुलगांव थाना में विवाद से संबंधित शिकायत दर्ज करवाए जाने संबंधी बाते सामने आने से अंजोरा पुलिस के कान खड़े हो गए है। मामले में अंजोरा पुलिस की जांच जारी है।

शिवनाथ नदी में कूदे युवक की लाश बरामद

बुधवार -गुरुवार की दरम्यानी रात शिवनाथ नदी में कूदे युवक की लाश बरामद हो गई है। शिवनाथ का बहाव एक बार फिर बढ़ता हुए देख अंदेशा जताया जा रहा था कि युवक उमाकांत साहू (23) पिता विश्राम साहू बोरसी निवासी कहीं दूर बह गया होगा। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्चिंग आपरेशन चला रही थी। इसी बीच उसकी बॉडी पीपरछेणी में रेलवे ब्रिज के नीचे मछुआरों द्वारा निकाला गया। वहीं अब शिवनाथ नदी के छोटा पुल को डेथ पाइंट भी कहा जाने लगा है।

उमाकांत के पिता विश्राम साहू ने बताया कि उमाकांत रात अपने दोस्त कुणाल का जन्मदिन पार्टी मनाने के लिए घर से निकला था। मां ने मना भी किया था।
रात दो बजे उसके दोस्तों ने बताया कि उमाकांत ने नदी में छलांग लगा दी है। वहीं स्वजनों के हवाले से पुलिस ने बताया कि उमाकांत काफी खुश मिजाज था। घर का माहौल भी ठीक-ठाक है। उमाकांत के पास एक स्कार्पियों है, जिसे वह कंपनियों में या फिर किराए पर चलाया करता था। वह नदी में क्यों कूदा यह ना तो माता- पिता समझ पा रहे हैं ना ही दोस्त।
 


अन्य पोस्ट